Darbhanga: बहेड़ा थाना क्षेत्र के बेनीपुर करहरी में गत 8 सितंबर की रात बालेंद्र झा के घर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी का रेडमी मोबाइल, सैमसंग टैब और 1500 रुपये नकद बरामद किये हैं. सोमवार को बहेड़ा थाना परिसर में एसडीपीओ वासुकीनाथ झा ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी.
घर से नकदी समेत सामान की हुई थी चोरी
एसडीपीओ ने बताया कि बालेंद्र झा के घर से अज्ञात चोरों ने सैमसंग टैब, रेडमी मोबाइल, करीब 10 हजार रुपये नकद सहित बर्तन आदि की चोरी की थी. मामले में 9 सितंबर को बहेड़ा थाना में कांड संख्या 556/26 दर्ज किया गया था.
तकनीकी अनुसंधान से पुलिस आरोपितों तक पहुंची
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. अशरफ खान (20) तथा मोहित कुमार (28) के रूप में हुई है.
पुलिस ने मो. अशरफ खान को रेडमी मोबाइल एवं 1500 रुपये के साथ गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर सकरी बाजार स्थित सिद्धी विनायक मोबाइल दुकान से मोहित कुमार के पास से चोरी का सैमसंग टैब बरामद किया गया.
दोनों आरोपितों का पूर्व में भी रहा है आपराधिक इतिहास
एसडीपीओ ने बताया कि दोनों आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे जेल जा चुके हैं. पुलिस बरामद सामान और दोनों आरोपितों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार, डीआइयू प्रभारी पुनि अमृत लाल साह, परिपुअनि सुरेंद्र कुमार, सिपाही संतोष कुमार व प्रताप कुमार शामिल थे.
