BDO black band protest: छपरा में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर बहेड़ी में भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है. बहेड़ी के BDO रोहित कुमार ने अपने हाथों में काली पट्टी बांधकर सरकारी कार्यों का निष्पादन किया और घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराया.
छपरा की घटना के खिलाफ संघ का आंदोलन
गौरतलब है कि छपरा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान ड्यूटी पर तैनात BDO के साथ असामाजिक तत्वों ने मारपीट की थी. इस घटना के बाद से ही बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ में गहरा आक्रोश व्याप्त है. संघ के निर्णय के अनुसार राज्यभर के पदाधिकारी शांतिपूर्ण तरीके से काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जता रहे हैं.
सुरक्षा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
विरोध दर्ज कराने के दौरान अधिकारियों ने कहा कि प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ इस तरह की हिंसक घटनाएं उनके मनोबल को तोड़ती हैं. संघ ने सरकार और पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है.
