Bihar Job Fair Gyan Bhawan Patna : रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटक रहे बेरोजगार युवओं के लिए अच्छी खबर है. पटना के ज्ञान भवन में 19 अगस्त से लेकर 23 अगस्त तक मेगा जॉब फेयर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें करीब 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. निजी क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवकों के लिए रोजगार देने एक ही जगह पर बड़ी संख्या में निजी कंपनियां पहुंच रही है. बिहार सरकार के रोजगार सेतु पोर्टलपर भी इस मेगा जॉब फेयर की तारीख और स्थान की आधिकारिक जानकारी दर्ज है.
एक करोड़ नौकरी व रोजगार देने का किया था वादा
बिहार सरकार ने वादा किया था कि आने वाले पांच सालों में एक करोड़ नौकरी और रोजगार देगी. इस वादे को पूरा करने के लिए सरकार द्वारा मेगा रोजगार कैंप का आयोजन किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि अब तक का सबसे बड़ा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है.
इसमें मुख्य रूप से बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस और रिटेल समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा ले रही हैं. पटना में यह मेला अब तक राज्यभर में आयोजित रोजगार मेलों में सबसे भव्य और बड़ा माना जा रहा है.
सबसे बड़ा जॉब फेयर का हो रहा आयोजन
मेगा जॉब फेयर में लगभग 20 हजार युवाओं को रोजगार मुहैया कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसलिए जिन युवाओं के पास निजी क्षेत्र में नौकरी करने की योग्यता और रुचि है, उनके लिए यह मेला महत्वपूर्ण हो सकता है. पूरे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से इस मेला का आयोजन किया गया है.
ये कंपनियां देंगी युवाओं को रोजगार
इस रोजगार मेले में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस, रिटेल एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलेंगे. रोजगार मेले में कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), एचडीएफसी पेमेंट्स बैंक (HDFC Payments Bank), मुथूट माइक्रोफिन लिमिटेड (Muthoot Microfin), क्लिक्स (Clix), फ्लिपकार्ट (Flipkart), टीसीआई एक्सप्रेस (TCI Express), जॉनसन (लिफ्ट एंड एस्केलेटर) (Johnson Lifts & Escalators), टीवीएस क्रेडिट (TVS Credit), ट्रेंट लिमिटेड (Trent Ltd.) (टाटा समूह की कंपनी) और रिलायंस रिटेल (Reliance Retail) समेत अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हो रहीं हैं.
