बक्सर के ज्योति चौक पर हंगामे के मामले में ‘छोटू बाबा’ समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी

Buxar News : बक्सर में नहर में डूबे व्यक्ति का शव लेकर भागने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में यूट्यूबर छोटू बाबा समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज.

Buxar News : बक्सर नगर के ज्योति चौक के समीप गुरुवार को पुल से नहर में छलांग लगाने के बाद 40 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत के मामले में हंगामा करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. संवेदनशील स्थिति का फायदा उठाकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, हंगामा करने और पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की करने के आरोप में पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ‘छोटू बाबा’ समेत चार-पांच युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है.

रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधा डालने का आरोप

नगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर मुकेश कुमार यादव की ओर से दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने पुल से नहर में छलांग लगा दी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोग जमा थे. इसी दौरान एक चारपहिया वाहन से गेरुआ गमछा लिये ‘छोटू बाबा’ समेत चार-पांच युवक मौके पर पहुंचे और शोर-शराबा करने लगे. आरोप है कि युवकों ने सरकारी गोताखोरों के रेस्क्यू ऑपरेशन में भी बाधा उत्पन्न की.

जिलाधिकारी की गाड़ी रोककर किया हंगामा

प्राथमिकी के अनुसार, युवकों ने जिलाधिकारी साहिला की सरकारी गाड़ी को भी जबरन रोक दिया और मौके पर हंगामा करने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की किये जाने का आरोप है. पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को सरकारी कार्य में बाधा डालने की कार्रवाई मानते हुए आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

अस्पताल ले जाने के नाम पर शव लेकर भागे

नहर में डूबे व्यक्ति को जब पानी से बाहर निकाला गया, तो आरोप है कि उक्त युवक पुलिस को चकमा देकर उसे जबरन अपनी गाड़ी में लेकर चले गये. पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन वे लोग मौके से ओझल हो गये. बाद में पुलिस को सूचना मिली कि व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आरोप है कि इसके बाद युवक मृत व्यक्ति के शव को पुलिस को सूचना दिये बिना अपनी गाड़ी से लेकर चले गये.

Also Read : दुर्गावती नदी का जलस्तर घटा, एसडीआरएफ की टीम ने 10 किमी जलमार्ग का लिया जायजा

महिला पुलिसकर्मी से भी उलझने का आरोप

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद शाम में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी अपलोड किया गया. पुलिस का दावा है कि वीडियो में आरोपित युवक ज्योति चौक स्थित नहर पुल के पास एक महिला पुलिसकर्मी के साथ उलझते और बकझक करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी से बहस करने की बात भी सामने आयी है.

Also Read : कैमूर में बीजेपी के वरिष्ठ नेता अजय शंकर पांडेय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा

थानाध्यक्ष ने कहा, कानूनी कार्रवाई शुरू

आरोप है कि युवकों ने जिला पदाधिकारी के सरकारी वाहन को रोककर हंगामा किया और उन्हें हटाने के दौरान पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की की. थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

Also Read : सबार-भभुआ मुख्य पथ पर तीन फीट तक बह रहा बाढ़ का पानी, कई गांवों में बने बाढ़ जैसे हालात

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >