Buxar News : शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत राजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने उत्तर प्रदेश से बिहार सीमा पार कर लायी जा रही 107.6 लीटर देशी 'ब्लू लाइम' शराब बरामद की है. हालांकि, पुलिस टीम को देखते ही तस्कर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया.
पुलिस की गाड़ी देखते ही पानी और जलजमाव का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, तस्कर उत्तर प्रदेश से शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार की सीमा में प्रवेश किया था. वह ईसापुर-खीरी मार्ग से होते हुए क्षेत्र के किसी गांव में शराब की खेप खपाने की फिराक में था. तस्कर बाइक पर शराब लादकर जा रहा था. इसी दौरान पलिया गांव के पुल के पास सामने से पुलिस की गाड़ी आती देखकर वह घबरा गया.
पुल के आसपास और चाट में चारों तरफ पानी भरा हुआ था. पुलिस को करीब आता देख तस्कर बाइक को मौके पर ही छोड़कर पानी और जलजमाव का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.
लावारिस बाइक की तलाशी में कई पेटियों में मिली शराब
पुलिस ने मौके पर लावारिस हालत में पड़ी बाइक और उस पर लदे सामान की तलाशी ली. इस दौरान कई पेटियों में रखी 107.6 लीटर देशी शराब बरामद की गयी. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया है.
Also Read : नासरीगंज में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, 13 सितंबर तक खुद हटाना होगा अवैध कब्जा
बाइक के दस्तावेजों के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की गयी है. फिलहाल फरार तस्कर की पहचान नहीं हो सकी है. जब्त बाइक के नंबर और दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक और चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
Also Read : सासाराम के महिला महाविद्यालय में एचआईवी-एड्स, सिफलिस और टीबी को लेकर चला जागरूकता अभियान
अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा.
Also Read : मां तुतला भवानी धाम में जल्द शुरू होंगे विकास कार्य, गेस्ट हाउस और धर्मशाला के साथ लगेंगी दो हाईमास्ट लाइट
