Bihar taekwondo championship: मोतिहारी में 8 और 9 अगस्त 2026 को आयोजित 36वीं बिहार राज्य क्योरुगी एवं 9वीं पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में बक्सर ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. उन्होंने पूमसे अंडर-60 वर्ष आयु वर्ग में पूरे बिहार में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में करीब 800 से 1000 खिलाड़ियों ने भाग लिया. सुनील कुमार ने अपने अनुभव, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक हासिल किया. संघ के अध्यक्ष होने के साथ स्वयं प्रतियोगिता में उतरकर स्वर्ण पदक जीतना उनकी खेल के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण को दर्शाता है.
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन
स्वर्ण पदक जीतने के साथ सुनील कुमार का चयन राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप के लिए हुआ है. उनकी इस उपलब्धि से बक्सर के युवा खिलाड़ियों में उत्साह है. खेल प्रेमियों ने भी उनकी सफलता पर खुशी जतायी है.
सृष्टि राज और सौरभ कुमार सिंह ने भी जीता स्वर्ण
इसी प्रतियोगिता में बक्सर की खिलाड़ी सृष्टि राज ने सीनियर महिला U-57 किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं सौरभ कुमार सिंह ने जूनियर 73-78 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता. सुनील कुमार, सृष्टि राज और सौरभ कुमार सिंह तीनों का चयन नेशनल चैंपियनशिप के लिए हुआ है. इसे बक्सर ताइक्वांडो के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
ताइक्वांडो परिवार ने दी बधाई
इस शानदार सफलता पर बक्सर ताइक्वांडो संघ के महासचिव संजय सिंह, कोषाध्यक्ष शैलेश सिंह, अमन कुमार सिंह और सचिन कुमार सिंह सहित पूरे ताइक्वांडो परिवार ने सुनील कुमार, सृष्टि राज और सौरभ कुमार सिंह को बधाई दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं. सुनील कुमार जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष होने के साथ खिलाड़ी भी हैं और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने हैं. उनकी सफलता को लेकर खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है. ताइक्वांडो संघ के अन्य सदस्यों और समाजसेवियों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
