राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन, पटना के खिलाड़ियों का रहा दबदबा, विजेताओं को सम्मानित किया

बक्सर में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल समापन इंडोर हॉल में हुआ. विभिन्न आयु वर्गों के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. डीएम और एसपी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया.

Buxuar Badminton News : बक्सर में बिहार राज्य बैडमिंटन संघ के निर्देशानुसार जिला बैडमिंटन संघ, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य समापन इंडोर बैडमिंटन हॉल में हुआ. समापन समारोह में विभिन्न आयु वर्ग के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में पटना के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला.

डीएम और एसपी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी साहिला रहीं. उनके साथ पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी सहित जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.

इन खिलाड़ियों ने जीते खिताब

प्रतियोगिता के अंडर-13 बालिका वर्ग में पटना की गार्गी आर्या प्रथम रहीं, जबकि अंडर-13 बालक वर्ग में पटना के अमूल कुमार ने पहला स्थान हासिल किया. अंडर-15 बालिका वर्ग में गया की नेहा कुमारी विजेता बनीं. अंडर-15 बालक वर्ग में मुंगेर के मो. असदुल्ला ने खिताब अपने नाम किया.

डबल्स मुकाबलों में अंडर-13 बालक वर्ग में पटना के अमूल कुमार और किसलय कुमार की जोड़ी विजेता रही. वहीं अंडर-15 बालक डबल्स में मुंगेर के मो. असदुल्ला और मुजफ्फरपुर के प्रायल वीर की जोड़ी प्रथम स्थान पर रही.

खेल से विकसित होती है अनुशासन और नेतृत्व क्षमता

जिला पदाधिकारी साहिला ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं. उन्होंने बक्सर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर जिला बैडमिंटन संघ और आयोजन समिति को बधाई दी. पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं. उप विकास आयुक्त निहारिका छवि सहित अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

सफल आयोजन के लिए सभी का जताया आभार

प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. आयोजन समिति ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए जिला प्रशासन, बिहार राज्य बैडमिंटन संघ, जिला बैडमिंटन संघ, तकनीकी पदाधिकारियों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों, पुलिस प्रशासन, चिकित्सकीय दल एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया. समारोह के अंत में सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी गईं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashutosh Singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >