शराब के नशे में धुत पति ने स्वास्थ्यकर्मी पत्नी को ईंट से मारकर किया लहूलुहान, केस दर्ज

Buxar News : पीड़िता मंजू देवी ने बताया कि आधी रात को पति बुधन राम शराब के नशे में घर लौटा और गाली-गलौज करने लगा. जब इसका विरोध किया, तो ईंट से मारकर सिर फोड़ दिया.

Buxar News : (ओंकार नाथ मिश्र) नगर के नई बाजार स्थित ब्लॉक के पास घरेलू हिंसा और शराबखोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी पति ने पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया. शराब के नशे में धुत एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया. पीड़िता ने इस संबंध में टाउन थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.

विरोध करने पर ईंट से फोड़ा सिर

टाउन थाने को दिए आवेदन में पीड़िता मंजू देवी ने बताया कि आधी रात को उनका पति बुधन राम अत्यधिक शराब के नशे में घर लौटा और गाली-गलौज करने लगा. जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने हिंसक रुख अपनाते हुए ईंट से मारकर उनका सिर फोड़ दिया. इसके बाद उसने जान से मारने की नीयत से उनका गला भी दबाया. किसी तरह मंजू देवी ने खुद को चंगुल से छुड़ाकर शोर मचाया, जिसके बाद वह बेहोश हो गईं.

गहने बेचकर पी जाता है शराब

पीड़िता ने बताया कि उसका पति आदतन शराबी है. वह घर के सारे गहने और सामान बेचकर शराब पी जाता है. वह पहले भी कई बार जानलेवा मारपीट कर चुका है और शराब पीने के आरोप में कई बार जेल भी जा चुका है. स्वास्थ्य विभाग में कार्यालय परिचारी के पद पर तैनात पीड़ित मंजू ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं. पति की इस हरकत और आए दिन शराब के नशे में होने वाले हंगामे के कारण वह और उनकी बेटियां हमेशा डर के साए में जीने को मजबूर हैं.

मामले की जांच की जा रही

टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर टाउन थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

Also Read : घर में घुसकर दलित परिवार की पिटाई, महिला का मंगलसूत्र छीना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >