Sawan 2026 : सावन मास की पहली सोमवारी पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बक्सर पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. यातायात पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार यह व्यवस्था रविवार (2 अगस्त) शाम 4:00 बजे से सोमवार (3 अगस्त) सुबह 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी. इसका उद्देश्य कांवरियों और अन्य यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना है.
Buxar News : इन मार्गो पर रहेगा वाहनों का प्रवेश बंद
पैदल कांवरियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना चौक से रामरेखा घाट तथा ताड़का नाला से रामरेखा घाट मार्ग पर सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. वहीं सिंडिकेट से पुलिस चौकी तक केवल दोपहिया वाहनों के आवागमन की अनुमति दी गई है.
चार पहिया वाहन इन रास्तों से गुजरेंगे
शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए चार पहिया वाहन, ऑटो और बसों को गोलंबर, बाईपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड, रेलवे स्टेशन, थाना चौक और इटाढ़ी रोड की ओर डायवर्ट किया गया है. प्रशासन ने लोगों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है.
फोरलेन पर वन-वे व्यवस्था, भारी वाहनों की नो-एंट्री
बक्सर-ब्रह्मपुर फोरलेन के बाएं लेन पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा. इस दौरान सभी वाहन केवल दाहिने लेन से वन-वे चलेंगे. शहर की सीमा में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी.
इन स्थानों पर बनाई गई पार्किंग
वाहनों की पार्किंग के लिए किला मैदान, बाजार समिति और सिंडिकेट के पास विशेष पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
