Buxar News : सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम के तहत सिमरी प्रखंड की राजपुर कला पंचायत स्थित आदर्श उच्च विद्यालय बड़का राजपुर के प्रांगण में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में डीडीसी निहारिका छवि ने आमजनों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिये.
36 आवेदन मिले, 28 मामलों का मौके पर निपटारा
शिविर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाये गये थे, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर आवेदन दिया. कुल 36 नए आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 28 मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा कर दिया गया. सबसे अधिक 18 मामले स्वास्थ्य विभाग से संबंधित थे, जिनका मौके पर ही निष्पादन किया गया.
समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से करें शिकायतों का निपटारा
डीडीसी निहारिका छवि ने शिविर में मौजूद सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का निष्पादन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत मिलना चाहिए.
डीडीसी ने उपस्थित ग्रामीणों से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर उन्हें लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया.
प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना उद्देश्य
डीडीसी ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है. पंचायत स्तर पर इस तरह के शिविर के आयोजन से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड और जिला कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.
मुखिया ने डीडीसी को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान राजपुर कला पंचायत के मुखिया राजेश यादव ने डीडीसी निहारिका छवि को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. शिविर में प्रभारी बीडीओ सह सीओ भगवती शंकर पाण्डेय, बीईओ त्रिलोकीनाथ पाण्डेय, पीओ इल्फात हुसैन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
