बक्सर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, एएसआई का हाथ टूटा, एक आरोपी गिरफ्तार

आर्म्स एक्ट में वांछितों की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस पर जानलेवा हमला हुआ. छत से पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से वार में एएसआई अजय कुमार घायल हो गए. एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई, जबकि दूसरा फरार है.

Buxar News : आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर बुधवार देर रात जानलेवा हमला कर दिया गया. शहर के बुधनपुरवा मोहल्ले में छापेमारी के दौरान पुलिस पर छत से पत्थरबाजी की गई और बाद में लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया. इस घटना में टाउन थाना के एएसआई अजय कुमार और एसआई धीरज कुमार घायल हो गए. हालांकि पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए एक आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी सोनू यादव फरार हो गया.

गोलीकांड के मामले में एक साल से फरार थे दोनों आरोपी

थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी वर्ष 2025 में हुए गोलीकांड के मामले में नामजद थे और पिछले एक वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे थे. पुलिस ने कई बार उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया, लेकिन दोनों हर बार बच निकलने में सफल रहे. गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम देर रात उनके घर पहुंची थी.

पुलिस को देखते ही शुरू कर दिया हमला

पुलिस के दरवाजे पर पहुंचते ही आरोपियों और उनके समर्थकों ने छत से पत्थरबाजी शुरू कर दी. इसके बाद आठ से दस लोगों ने लाठी-डंडों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई जारी रखते हुए राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया.

एएसआई का हाथ टूटा, पटना एम्स रेफर

हमले में गंभीर रूप से घायल एएसआई अजय कुमार और एसआई धीरज कुमार को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने एएसआई अजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार उनके हाथ की हड्डी टूट गई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि उनका इलाज पटना एम्स में चल रहा है.

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, पूरे इलाके की हुई घेराबंदी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. देखते ही देखते बुधनपुरवा मोहल्ला पुलिस छावनी में तब्दील हो गया.

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने मौके से राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी सोनू यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Onkar nath mishra

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >