Buxar News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक हुई. बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गयी. जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने कहा कि 17 सितंबर विश्वकर्मा पूजा का पावन दिन है और इसी दिन देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मोत्सव भी है. उन्होंने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सौभाग्य की बात बताया.
चौसा पावर प्लांट और नावानगर इंडस्ट्रियल हब का किया उल्लेख
जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बक्सर को चौसा पावर प्लांट जैसी ऐतिहासिक सौगात मिली है. वहीं, नावानगर को इंडस्ट्रियल हब बनाने की दिशा में भी ऐतिहासिक कार्य हुए हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले 25 वर्षों से युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए समर्पित हैं.
जिले में 13 प्रमुख कार्यक्रमों का किया गया है निर्धारण
‘सेवा, सुशासन, संकल्प’ अभियान के जिला संयोजक धनंजय त्रिगुण ने बताया कि अभियान के तहत जिले में 13 प्रमुख कार्यक्रम निर्धारित किये गये हैं. इन कार्यक्रमों की तैयारियां अब क्रियान्वयन के अंतिम चरण में हैं. उन्होंने बताया कि सभी कार्यक्रमों को निर्धारित योजना के अनुसार पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.
Also Read : सहयोग शिविरों में मिले 15,396 आवेदनों में 14,502 का निष्पादन, 94 प्रतिशत मामलों का हुआ समाधान
शाम 7 बजे हर बूथ और घर में जलाया जाएगा दीपक
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के संयोजक मनोज पांडेय और सह-संयोजक उमाशंकर राय ने बताया कि 17 सितंबर को शाम ठीक 7 बजे जिले के प्रत्येक बूथ और घर-घर में एक दीपक जलाया जाएगा. इसके माध्यम से बक्सर की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद देगी.
Also Read : सासाराम: जिले के हर स्कूल और छात्र तक पहुंचेगा प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग, पीबीएल की गुणवत्ता पर रहेगा जोर
बैठक में जिला पदाधिकारी और मोर्चा अध्यक्ष रहे मौजूद
बैठक में विनोद राय, मीना सिंह कुशवाहा, रमेश गुप्ता, ओम ज्योति भगत, निर्भय राय, मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय, अरविंद पासवान, सुनील सिंह, सुखदेव राय सहित जिला पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे.
