Buxar News : बक्सर सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय चुरमानपुर में शनिवार को शिक्षा विभाग के निर्देश पर "ज्ञानार्जन अभियान-समृद्ध शिक्षा, सशक्त भविष्य" के तहत अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने, बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.
समावेशी शिक्षा और बालिका शिक्षा पर दिया गया जोर
सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी साधु शरण पांडे की उपस्थिति में आयोजित संगोष्ठी का विषय "समावेशी शिक्षा, हमारा हर बच्चा महत्वपूर्ण" रहा. इस दौरान बालिका शिक्षा, संतुलित पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई. कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे के लिए बेहतर सीखने का माहौल तैयार करना और अधिगम स्तर में सुधार लाना था.
विद्यालय की व्यवस्थाओं पर अभिभावकों से लिए गए सुझाव
संगोष्ठी में अभिभावकों से विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, स्वच्छता, मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन, शुद्ध पेयजल, शौचालय व्यवस्था, खेल सामग्री के उपयोग और विद्यालय शिक्षा समिति की बैठकों को लेकर सुझाव लिए गए. साथ ही विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों की रोकथाम और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल बनाए रखने पर भी चर्चा हुई.
बच्चों की नियमित उपस्थिति और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
बैठक में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल कैंप आयोजित करने, मुख्यमंत्री बिहार दर्शन/परिभ्रमण योजना के तहत शैक्षणिक भ्रमण कराने तथा विद्यालय अवधि के दौरान कृषि कार्य के लिए बच्चों को अनुपस्थित नहीं रखने की अपील की गई. अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और पढ़ाई के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया.
गृहकार्य और नामांकन अभियान पर बनी सहमति
कार्यक्रम में विद्यालय के पोषक क्षेत्र में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने, नियमित गृहकार्य देने और वर्ग शिक्षकों द्वारा उसकी जांच करने पर भी चर्चा हुई. अभिभावकों ने विद्यालय के साथ मिलकर बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय सहयोग का भरोसा दिया.
