बक्सर में हथियार के साथ शराब तस्कर गिरफ्तार, नैनिजोर पुलिस ने 112 लीटर शराब और तीन बाइक की जब्त

बक्सर के नैनिजोर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 112 लीटर अवैध शराब, एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलों के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है.

Buxar News : सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब और हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नैनिजोर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर ढाबी गांव के समीप छापेमारी कर पुलिस ने 112 लीटर अवैध शराब, एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं. इस दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है. इसके बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ढाबी गांव के समीप संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए. पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर दो तस्करों को मौके पर दबोच लिया.

शराब के साथ हथियार और कारतूस भी बरामद

तलाशी के दौरान गिरफ्तार तस्करों के पास से एक अवैध देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए. वहीं तीनों मोटरसाइकिलों पर लदे 13 कार्टन से कुल 112 लीटर अवैध शराब जब्त की गई. पुलिस ने शराब, हथियार, कारतूस और तीनों बाइक को कब्जे में ले लिया.

दोनों आरोपित भेजे गए जेल

गिरफ्तार तस्करों की पहचान करनामेपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी संजय राजभर तथा बहोरनपुर थाना क्षेत्र के नौरंगा गांव निवासी श्रवण कुमार राम के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने की योजना होने की बात स्वीकार की. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में बक्सर जेल भेज दिया.

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब इस तस्करी सिंडिकेट के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि शराब उत्तर प्रदेश में कहां से खरीदी गई और बिहार में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी. सीमावर्ती इलाकों में गश्त और निगरानी भी बढ़ा दी गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh Kant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >