Mission Shakti Review Buxar : बक्सर जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में मिशन शक्ति योजना के तहत जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन और शक्ति सदन की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
Buxar News : वन स्टॉप सेंटर के 62 मामलों की हुई समीक्षा
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 9 जुलाई तक वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से कुल 62 मामले प्राप्त हुए हैं. इनमें से 51 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश डीएम ने दिए.
मातृ वंदना योजना की प्रगति सुधारने पर जोर
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की परियोजनावार समीक्षा के दौरान कम प्रगति वाले प्रखंडों को जिला औसत के अनुरूप प्रदर्शन में सुधार लाने का निर्देश दिया गया. डीएम ने योजना के लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया.
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया बल
जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन की समीक्षा में बताया गया कि जनवरी से जून 2026 के बीच 123 आवेदन प्राप्त हुए, 24 क्षेत्र भ्रमण किए गए, 63 मामलों में सहायता उपलब्ध कराई गई तथा 9 सफलता की कहानियां तैयार की गईं. डीएम ने अधिक से अधिक महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
