जांच टीम के सामने ओवरलोड ट्रक छोड़ने के मामले में चालक का खुलासा, कहा-ट्रक छोड़ने के लिए मांगे थे दस-बीस हजार

Buxar News : चालक के अनुसार, उसने मौके पर मौजूद विभागीय कर्मियों से काफी अनुरोध किया कि किसी तरह मामला निपटाकर वाहन छोड़ दिया जाए, लेकिन वहां मौजूद कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि अंतिम निर्णय “साहब” के स्तर पर होगा.

Buxar News : (प्रशांत कुमार राय) 13 मई को परिवहन चेकपोस्ट पर ओवरलोड ट्रक को कथित रूप से पैसे लेकर छोड़ने के मामले में परिवहन विभाग के सिपाहियों और होमगार्ड जवानों के बीच शुरू हुआ विवाद अब जांच के दायरे में आ गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी साहिला द्वारा तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी.

जांच टीम ने मामले से जुड़े वाहन चालक को पूछताछ के लिए बुलाया, जिसके बाद चालक ने पूरी घटना की जानकारी साझा करते हुए कई अहम खुलासे किए.

चालक ने कहा कि छोड़ दिया जाए तो कर्मियों ने कहा अंतिम निर्णय साहब का होगा

वाहन चालक ने बताया कि 13 मई को उसका ट्रक ओवरलोड होने के कारण परिवहन विभाग की टीम द्वारा चेकपोस्ट पर पकड़ लिया गया था. वाहन को रोकने के बाद उसे होमगार्ड जवानों के हवाले कर दिया गया था. चालक के अनुसार, उसने मौके पर मौजूद विभागीय कर्मियों से काफी अनुरोध किया कि किसी तरह मामला निपटाकर वाहन छोड़ दिया जाए, लेकिन वहां मौजूद कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि अंतिम निर्णय “साहब” के स्तर पर होगा.

चालक ने आगे बताया कि बाद में जितेन्द्र तिवारी नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचे और उनके देखरेख में वाहन रखा गया. चालक के अनुसार, जितेन्द्र तिवारी ने कहा कि दस-बीस हजार रुपये का इंतजाम रखिए, साहब आएंगे तो गाड़ी छोड़ दी जाएगी.

परिवहन कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया

चालक ने यह भी बताया कि उसे परिवहन कार्यालय में पूछताछ के लिए फोन कर बुलाया गया, जिसके बाद वह जांच टीम के सामने उपस्थित हुआ और पूरी घटना की जानकारी दी. जांच के दौरान चालक से यह भी पूछा गया कि उसे किसने और कैसे बुलाया. इस पर उसने बताया कि उसे फोन के माध्यम से बुलाया गया था.

चालक के बयान पर कार्रवाई में जुटी जांच टीम

चालक के बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया है. जांच टीम अब उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. सूत्रों के अनुसार, ओवरलोड ट्रक को लेकर विभागीय कर्मियों और होमगार्ड जवानों के बीच पहले से ही तनाव की स्थिति बनी हुई थी और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर अवैध लेनदेन के आरोप लगा रहे थे.

मामला सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है. हालांकि अभी तक परिवहन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. अब सभी की नजर जांच टीम की रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.

Also Read : इटाढ़ी लूटकांड का पर्दाफाश : पिस्टल के साथ चार शातिर गिरफ्तार, कैमरा, बाइक व मोबाइल बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >