Buxuar News : बक्सर जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में पर्यटन विभाग एवं खेल विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में डीएम ने जिले की 42 पंचायतों में खेल मैदानों के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
स्टेडियम और खिलाड़ियों की सुविधाओं पर जोर
बैठक में इटाढ़ी प्रखंड स्तरीय स्टेडियम के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. वहीं एमपी हाई स्कूल, बक्सर के खेल मैदान में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम निर्माण हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया. इसके अलावा सीपीएसएस विद्यालय, डुमरांव में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था करने और एक अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया.
निर्माणाधीन स्टेडियम और पर्यटन योजनाओं की समीक्षा
डीएम ने आईटीआई परिसर में निर्माणाधीन स्टेडियम की प्रगति की समीक्षा करते हुए बिहार भवन निर्माण निगम लिमिटेड के कनीय अभियंता को निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया. पर्यटन विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान होटल विश्वामित्र बिहार के जीर्णोद्धार कार्य को जुलाई माह के भीतर पूरा करने तथा परिसर में निर्माणाधीन बजट होटल के कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया.
रामरेखा घाट एक्सपीरियंस सेंटर और पंचकोशी मेला पर भी निर्देश
बैठक में रामरेखा घाट के समीप निर्माणाधीन एक्सपीरियंस सेंटर के निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) के कनीय अभियंता को दिए गए. साथ ही पंचकोशी मेला को राजकीय मेले का दर्जा दिलाने के लिए जिला कला एवं संस्कृति विभाग को आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजने का निर्देश दिया गया. डीएम ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि खेल एवं पर्यटन से जुड़ी सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार होने के साथ-साथ पर्यटन को भी नई गति मिल सके.
