Buxar Sawan Somwari: सावन माह की तीसरी सोमवारी पर डुमरांव प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी. महिला, पुरुष और बच्चों ने बाबा भोलेनाथ के जयघोष के साथ जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. अहले सुबह से ही विभिन्न गांवों और मुहल्लों से श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचने लगे.
बेलपत्र, पुष्प और भांग-धतूरा अर्पित कर किया जलाभिषेक
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव पर बेलपत्र, पुष्प, चंदन, रोली, भांग-धतूरा अर्पित कर जलाभिषेक किया. भक्तों ने अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए भगवान शिव से आशीर्वाद मांगा. श्रावण मास की पावन बेला पर तीसरी सोमवारी को पूरे दिन प्रखंड के मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. ''हर-हर महादेव'' के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा.
कई शिव मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालु
तीसरी सोमवारी को चिलहरी, मठिला, कंझरुआ, कचैनिया, कोरानसराय के अलावा सोंवा स्थित बाबा भुवरनाथ मंदिर में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और जलाभिषेक किया.
सुबह से शाम तक चला हवन और भजन-कीर्तन
सुबह से शाम तक मंदिरों में हवन और भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी चलता रहा. सावन को लेकर सभी शिव मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है.
