Buxar Independence Day: नगर पंचायत चौसा समेत प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. क्षेत्र के विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई.
नगर पंचायत चौसा कार्यालय पर चेयरमैन किरण देवी, पीएचसी में डॉ. चंद्रमणि विमल, एमसी कॉलेज में प्राचार्य हृदयनारायण चौबे, गीता मिश्र संस्कृत प्रा. सह उच्चतर स्कूल में सचिव गीता प्रसाद मिश्र, विक्रमादित्य गीता मिश्र इंटर कॉलेज में प्राचार्य अरुण मिश्र, इंडेन गैस एजेंसी पर प्रो. छठ्ठूलाल रजक, भागवत मोटर्स बजाज एजेंसी पर राकेश सिंह, मां सरस्वती कोचिंग सेंटर पर धीरज सर, कैंब्रिज स्कूल चौसा में डायरेक्टर संजीव चौबे और द एआरसी स्कूल चौसा में प्रबंधक सरफराज ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी.
पंचायत भवन और पैक्सों में भी हुआ ध्वजारोहण
बनारपुर पंचायत भवन पर मुखिया ममता देवी, सिकरौल में मुखिया विनोद नट, डिहरी पंचायत में मुखिया समीम अंसारी उर्फ कल्लू अंसारी, रामपुर पंचायत में मुखिया अरविंद कुमार गुप्ता, जलीलपुर पंचायत में मुखिया उमरावती देवी, सरेंजा में मुखिया सुखराजो देवी, पलिया पंचायत में मुखिया हेमा देवी और चुन्नी ग्राम कचहरी पर सरपंच वीरबहादुर सिंह ने ध्वजारोहण किया.
सिकरौल पैक्स में आशुतोष सिंह, चौसा पैक्स में मनोज सिंह, सरेंजा पैक्स में शशिभूषण राय और रामपुर पैक्स में आशीष राय समेत अन्य लोगों ने आजादी के 80वें वर्ष पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया.
स्कूलों में देशभक्ति कार्यक्रमों की रही धूम
क्षेत्र के सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. कैंब्रिज स्कूल चौसा, उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय चौसा सहित अन्य विद्यालयों में कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई.
छात्रों ने हिंदी और अंग्रेजी भाषणों के जरिए देश के प्रति अपनी भावनाएं और आकांक्षाएं रखीं. देशभक्ति गीतों और नृत्यों की प्रस्तुतियों ने माहौल को देशप्रेम से भर दिया. छात्रों द्वारा प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाला नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण रहा. स्वतंत्रता संग्राम को याद करते हुए बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका निभाकर मातृभूमि को श्रद्धांजलि दी.
द एआरसी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम
द एआरसी स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें नृत्य, कविता, समूहगान और भाषण की प्रस्तुतियां हुईं. विद्यार्थियों ने मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई, शहीद भगत सिंह और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला. कुछ बच्चों ने भारत के गौरव को अपने शब्दों में प्रस्तुत किया.
स्कूल के डायरेक्टर मो. सरफराज ने छात्रों को स्वतंत्रता दिवस का महत्व बताया और देश की प्रगति से अवगत कराया. उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीयता, नैतिक मूल्य, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के साथ शिक्षा ग्रहण कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
