बक्सर-पटना फोरलेन पर लगा महाजाम, तीन कतारों में फंसे वाहन, रुक-रुक बढ़ रहे आगे

Buxar News : बक्सर गोलंबर से लेकर दलसागर टोल प्लाजा तक करीब 7–8 किलोमीटर तक देखी गई. पुलिस लगातार मौके पर मौजूद है और यातायात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं. शाम तक स्थिति सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है.

Buxar News : (आशुतोष कुमार सिंह ) पटना-बक्सर फोरलेन पर गुरुवार सुबह यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. सड़क पर ट्रक, ट्रेलर और बसों की तीन कतारें लगने से लंबा जाम लग गया, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

जाम की स्थिति बक्सर गोलंबर से लेकर दलसागर टोल प्लाजा तक करीब 7–8 किलोमीटर तक देखी गई. वाहनों के रुक-रुक कर आगे बढ़ने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा.

बालू लदे ट्रेलरों से बढ़ी समस्या

जाम का मुख्य कारण बालू लदे ट्रेलरों की भारी संख्या बताई जा रही है. कई ट्रेलर आगे निकलने की होड़ में दूसरी लेन में घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई.

कतकौली मोड़ बना जाम का केंद्र

सबसे अधिक दबाव कतकौली मोड़ के पास देखा गया. यहां यू-टर्न पर वाहनों की आवाजाही अचानक बढ़ने से जाम की स्थिति गंभीर हो गई. पुलिस ने मौके पर भारी संख्या में जवानों की तैनाती कर यातायात को नियंत्रित करने की कोशिश की.

नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई

बकरीद पर्व को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है. यू-टर्न और फोरलेन पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को रोककर वापस सही लेन में भेजा जा रहा है. पुलिस लगातार यातायात को व्यवस्थित करने में जुटी हुई है.

कई एंबुलेंस भी जाम में फंसीं

जाम के कारण छोटे वाहन भी फंस गए. बसों में सवार यात्री घंटों तक गर्मी और उमस में परेशान रहे. इस दौरान कई एंबुलेंस भी जाम में फंसीं, जिन्हें पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर निकाला.

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धैर्य रखें और यातायात नियमों का पालन करें. ओवरटेक और गलत लेन में प्रवेश से बचने की सलाह दी गई है, ताकि स्थिति और न बिगड़े.

फिलहाल पुलिस लगातार मौके पर मौजूद है और यातायात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं. शाम तक स्थिति सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है.

Also Read : घर में घुसकर दलित परिवार की पिटाई, महिला का मंगलसूत्र छीना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >