Buxar News (सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट): डुमरांव थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता बीडीओ संदीप Kumar पांडेय और थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से की.
सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर हुई चर्चा
बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें.
सोशल मीडिया पर रहेगी प्रशासन की नजर
थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट रूप से कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बकरीद के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहेगा तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी.
प्रशासन को सहयोग करने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ संदीप कुमार पांडेय ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके.
सफाई और पेयजल व्यवस्था के निर्देश
उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. नगर परिषद की ओर से मौजूद प्रधान सहायक दुर्गेश कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि बकरीद पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएंगी.
समाज के लोगों ने दिलाया सहयोग का भरोसा
बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया तथा प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया. इस मौके पर संजय शर्मा, शत्रुघ्न प्रसाद गुप्ता, सर्वेश पांडेय, सोनू राय, धीरज मिश्रा, इस्लाम अंसारी, गोलू यादव समेत कई लोग मौजूद रहे. सभी ने मिलकर बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने का संकल्प लिया.
