Buxar News : (आशुतोष कुमार) बिहार स्टेट हाईवे प्रोजेक्ट-IV (BSHP-IV) के तहत बक्सर जिले को बड़ी सौगात मिली है. राज्य कैबिनेट ने ब्रह्मपुर–कोरान सराय–इटाढ़ी–बक्सर पथ तथा उजियारपुर–कुकराहा–जमुहा–इंदौर–समदा पथ के निर्माण एवं उन्नयन के लिए कुल 982.58 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. दोनों परियोजनाओं की कुल लंबाई 80.728 किलोमीटर होगी.
इस ऐतिहासिक फैसले पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पथ निर्माण मंत्री ई कुमार शैलेंद्र तथा राज्य मंत्रिपरिषद के प्रति आभार जताया.
जिले की आर्थिक, सामाजिक व व्यापारिक विकास को मिलेगी नई दिशा
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह परियोजना बक्सर समेत पूरे क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक विकास को नई दिशा देगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विकास हो रहा है.
मंत्री ने कहा,“बक्सर की करीब चार लाख जनता ने जो स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद मुझे दिया है, उसका कर्ज मैं विकास कार्यों के माध्यम से चुकाने के लिए सदैव तत्पर हूं. जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही मेरा संकल्प है.
उन्होंने बताया कि वर्षों से क्षेत्र के लोग बेहतर सड़क संपर्क की मांग कर रहे थे. कैबिनेट की स्वीकृति के बाद अब ब्रह्मपुर, कोरान सराय, इटाढ़ी और बक्सर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी. इससे यात्रा का समय घटेगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है.
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
परियोजना का सीधा लाभ किसानों को मिलेगा. कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाना आसान और कम खर्चीला होगा. वहीं व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी. छात्रों और आम नागरिकों के लिए दैनिक आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा.
सड़क निर्माण कार्य के दौरान और उसके बाद स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा.
गांव से शहर तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई व्यवस्था की मजबूती पर हो रहा काम
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार गांव से शहर तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बक्सर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा.
अंत में मंत्री ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास और सुशासन के नए दौर की ओर तेजी से अग्रसर है. उन्होंने कहा कि यह सड़क परियोजना बक्सर के लिए ‘लाइफलाइन’ साबित होगी और जिले को विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ेगी.
Also Read : जाम का झाम : टुडीगंज–कृष्णाब्रह्म सड़क पर रोजाना लग रहा जाम, आवागमन में दिक्कत
