Buxar News : बक्सर जिले के छोटे से गांव रामोबरिया के रहने वाले और सीआरपीएफ की 229वीं वाहिनी में कमांडेंट के पद पर तैनात ब्रजेश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर बक्सर का नाम गौरवान्वित किया है. उनके नेतृत्व में सीआरपीएफ की 229वीं बटालियन को स्पेशल ऑपरेशन्स जोन (एसओजेड) में देश की 'सर्वश्रेष्ठ जनरल ड्यूटी बटालियन' चुना गया है. इस उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव में खुशी की लहर दौड़ गई.
नई दिल्ली में मिला प्रतिष्ठित सम्मान
सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित अलंकरण समारोह में कमांडेंट ब्रजेश कुमार सिंह को यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी प्रदान की गई. देश की आंतरिक सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया.
सम्मान समारोह में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के निदेशक प्रवीण सूद ने ट्रॉफी प्रदान की. इस अवसर पर सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ सैन्य और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन का मिला पुरस्कार
वर्ष 2025 के दौरान कमांडेंट ब्रजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में 229वीं वाहिनी ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. बटालियन को उत्कृष्ट ऑपरेशनल प्रदर्शन, प्रभावी नेतृत्व, अनुशासित कार्यशैली, बेहतर प्रशिक्षण और कुशल प्रशासनिक प्रबंधन के लिए यह सम्मान दिया गया.
गांव में खुशी का माहौल, लोगों ने बांटी मिठाइयां
राष्ट्रीय सम्मान मिलने की सूचना के बाद रामोबरिया गांव में जश्न का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी व्यक्त की और जिले के सपूत की इस उपलब्धि पर गर्व जताया.
'यह सम्मान पूरी बटालियन का है'
कमांडेंट ब्रजेश कुमार सिंह ने फोन पर बातचीत में कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उनकी पूरी बटालियन के प्रत्येक अधिकारी और जवान की मेहनत, साहस और टीम भावना का परिणाम है. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने जवानों की बहादुरी और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन व विश्वास को दिया.
