Buxar Degree College: प्रखंड के राजकीय डिग्री कॉलेज में छह विषयों के लिए 10 शिक्षकों की नियुक्ति के बाद मंगलवार को सभी नवनियुक्त शिक्षकों ने योगदान किया. प्राचार्य कृष्णानंद सिंह की उपस्थिति में शिक्षकों ने कॉलेज में योगदान दिया. शिक्षकों के योगदान के बाद कॉलेज में पठन-पाठन का माहौल बेहतर होने लगा है.
छह विषयों के लिए हुई शिक्षकों की नियुक्ति
कॉलेज में हिंदी विषय के लिए आर्य कुमारी और खुशबू कुमारी, राजनीति शास्त्र के लिए डॉ. राखी कुशवाहा और नीतिश चंद्र भानु, अंग्रेजी के लिए अर्चना और अरुण कुमार यादव की नियुक्ति हुई है. वहीं समाजशास्त्र के लिए स्वाति राय और अनुराधा कुमारी, इतिहास के लिए रणधीर कुमार तथा अर्थशास्त्र के लिए विवेक कुमार बर्नवाल को नियुक्त किया गया है.
73 छात्र-छात्राओं का हुआ नामांकन
प्राचार्य कृष्णानंद सिंह ने बताया कि कॉलेज में अब तक 73 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है. शिक्षकों के योगदान के बाद छात्र-छात्राओं की पढ़ाई नियमित रूप से शुरू हो गयी है. उन्होंने बताया कि कॉलेज में पठन-पाठन को सुचारु रूप से संचालित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं.
नियमित कक्षाओं में शामिल होने की अपील
प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से कॉलेज आने और कक्षाओं में शामिल होकर पढ़ाई करने की अपील की. शिक्षकों की नियुक्ति से कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.
