Bihar Accident News: बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआवन मोड़ के पास मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे.
दोनों सगे भाइयों की गई जान
इस हादसे में एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान करनामेपुर थाना क्षेत्र के लालू डेरा गांव निवासी ब्रजबिहारी पासवान के पुत्र गणेश पासवान और मुन्ना पासवान के रूप में हुई है.
जरूरी काम से जा रहे थे दोनों
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों भाई किसी जरूरी काम से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान कुआवन मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई.
गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के दो बेटों की मौत की खबर मिलते ही लालू डेरा गांव में मातम छा गया. मृतकों के पिता ब्रजबिहारी पासवान और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग लगातार उनके घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया है. उसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
