बिहारशरीफ: पूजा कर घर लौट रही प्रिंसिपल को हाइवा ने कुचला, मौके पर मौत; दो मासूम बच्चों ने खोई मां

राजगीर-इस्लामपुर स्टेट हाईवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में सिटी मेमोरियल पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल ममता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से यह हादसा हुआ. इस घटना ने दो मासूम बच्चों को उनकी मां से हमेशा के लिए दूर कर दिया है.

राजगीर. तीज पारण के बाद भगवान भोले शंकर की पूजा कर घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार हाइवा ने रौंद दिया. हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. यह दर्दनाक घटना मंगलवार की सुबह करीब छह बजे राजगीर-इस्लामपुर स्टेट हाईवे-71 पर छबिलापुर थाना क्षेत्र के राइसपर गांव के समीप हुई. मृतका की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के नवादापर चंदाचक निवासी ममता कुमारी (25), पति संजीत कुमार के रूप में हुई है. वह राइसपर स्थित सिटी मेमोरियल पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल थीं. उनके पति संजीत कुमार इसी स्कूल के संचालक हैं.

पूजा कर लौटते समय हाइवा ने रौंदा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ममता कुमारी पूजा-अर्चना करने के बाद सड़क किनारे से अपने आवास की ओर लौट रही थीं. इसी दौरान पश्चिम दिशा की ओर से तेज गति से आ रहे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गयीं और हाइवा का चक्का उनके सिर पर चढ़ गया. सिर बुरी तरह कुचल जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक हाइवा लेकर फरार हो गया. पुलिस को सूचना मिली है कि हाइवा विश्वविद्यालय बायपास होते हुए आयुध निर्माण बायपास से गिरियक की ओर भागा है.

तीन घंटे तक राजगीर-इस्लामपुर मार्ग रहा जाम

घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया. देखते ही देखते सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जुट गये. आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर राजगीर-इस्लामपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. प्रदर्शनकारी घटनास्थल के समीप स्पीड ब्रेकर लगाने, फरार हाइवा चालक को गिरफ्तार करने और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे.

डीएसपी के आश्वासन पर हटाया जाम

सूचना मिलने पर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता, छबिलापुर थाना के अवर निरीक्षक उत्तम कुमार झा, बीडीओ एजाज आलम समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. डीएसपी के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.

मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ के तहत मिले 20 हजार रुपये

नीमचक बथानी के बीडीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे. उनके द्वारा मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत मिलने वाली 20 हजार रुपये की सहायता राशि मृतका के परिजनों को दी गयी है. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सड़क दुर्घटना सहायता के तहत चार लाख रुपये की मुआवजा राशि देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है.

दो मासूम बच्चों को नहीं है मां के जाने का अहसास

ममता की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सबसे मार्मिक दृश्य उनके दो छोटे बच्चों का है. चार वर्षीय सूर्य कुमार और दो वर्षीय बेटी परी कुमारी उर्फ मिस्टी अभी इस त्रासदी से अनजान हैं. मां हमेशा के लिए उनसे दूर हो गयी हैं, लेकिन मासूम बच्चों को इसका अहसास तक नहीं है.

दोनों स्कूल परिसर स्थित आवास में मोबाइल पर वीडियो देखते रहे. जिस मां की गोद में खेलकर दोनों बड़े हो रहे थे, उसी मां का साया अब उनके सिर से उठ गया है.

बहन का रो-रोकर बुरा हाल, अस्पताल में कराया गया भर्ती

मृतका की शादी करीब पांच वर्ष पहले संजीत कुमार से हुई थी. उनका मायका नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के छज्जूपुर में है. घटना की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग राइसपर पहुंच गये.

बहन प्रतिमा का रो-रोकर बुरा हाल है. वह बार-बार बेहोश हो रही थीं, जिसके बाद उन्हें स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है. मृतका के भाई सौरभ कुमार ने बताया कि परिवार के अधिकांश लोग सुबह सो रहे थे. इसी बीच अचानक हादसे की खबर मिली. पूरा परिवार घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा. उन्होंने फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. दुर्घटना करने वाले हाइवा और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए हरसंभव कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >