BiharSharif Traffic Sub-Inspector Attacked : बिहारशरीफ के व्यस्त सोहसराय चौक पर ड्यूटी निभा रहे यातायात थाना के दारोगा मनोज कुमार पर अज्ञात बदमाशों ने पीछे से ईंट से हमला कर दिया. दिनदहाड़े हुई इस घटना में हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. हमले में दरोगा के सिर में गंभीर चोट आई.
घायल दरोगा का अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल दारोगा को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचाया. वहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी मोहम्मद खुर्शीद आलम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कराई. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
व्यस्त चौराहे पर ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारी पर हुए हमले के बाद शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
