नालंदा: S.U कॉलेज हिलसा में PG कोर्स शुरू कराने की मांग तेज, दूसरे दिन भी छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना जारी

एसयू कॉलेज, हिलसा में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू कराने की मांग को लेकर छात्र-छात्राएं अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. कॉलेज के प्राचार्य ने उनकी मांग को जायज बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई है.

Nalanda News : एसयू कॉलेज, हिलसा में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू कराने की मांग को लेकर छात्रों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. कॉलेज के दक्षिणी गेट पर चल रहे इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा.

प्राचार्य ने छात्रों की मांग को बताया उचित

धरना स्थल पर पहुंचे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिव चंद्र सिंह ने छात्र नेताओं से बातचीत की. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग पूरी तरह जायज है और इसे विश्वविद्यालय प्रशासन के पास भेज दिया गया है. उन्होंने जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक पहल होने की उम्मीद भी जताई.

एमए, एमएससी, एमएलआईएस और एमसीए शुरू करने की मांग

धरने की अध्यक्षता आशीष कुमार और संचालन प्रसेनजीत कुमार उर्फ रिशु पटेल ने किया. छात्रों ने मांग की कि कॉलेज में एमएससी (जूलॉजी, केमिस्ट्री, बॉटनी, फिजिक्स), एमए (हिंदी, मनोविज्ञान, पाली, संस्कृत, अंग्रेजी, उर्दू, दर्शनशास्त्र), एमएलआईएस तथा एमसीए की पढ़ाई जल्द शुरू की जाए. उनका कहना है कि हिलसा और आसपास के हजारों विद्यार्थियों को पीजी की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक और शैक्षणिक परेशानी होती है.

विश्वविद्यालय को सौंपा गया ज्ञापन

इधर, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय द्वारा एसयू कॉलेज हिलसा में स्वीकृत पीजी पाठ्यक्रमों में नामांकन शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव सह परीक्षा नियंत्रक मनोज कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. इस प्रतिनिधिमंडल में छात्र जदयू के प्रदेश महासचिव धर्मपाल कुमार भी शामिल रहे.

सैकड़ों छात्रों ने दिया आंदोलन को समर्थन

धरना-प्रदर्शन में छात्र नेता राकेश कुमार, आशीष राज, अंकेश रंजन, अमित पटेल, सूरज चौधरी, चितरंजन कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और आंदोलन को अपना समर्थन दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Santosh Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >