Karayparsurai PHC Doctor Vacancy : हिलसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करायपरसुराय में स्थायी रूप से एमबीबीएस चिकित्सकों की पदस्थापना की मांग को लेकर चल रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत मंगलवार को राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय करायपरसुराय के समीप अभियान चलाया गया. इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने भी हस्ताक्षर कर मांग का समर्थन किया.
चिकित्सकों की कमी को बताया गंभीर विषय
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद अफजल हुसैन ने कहा कि पीएचसी में एमबीबीएस चिकित्सकों की कमी गंभीर विषय है. चिकित्सकों के अभाव में क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है. स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरत से जुड़े अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकों की नियमित मौजूदगी बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की पदस्थापना की मांग को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ना सकारात्मक पहल है.
11 सितंबर से चल रहा हस्ताक्षर अभियान
समाजसेवी दिलखुश कुमार, पवन लाल यादव एवं मोहम्मद इम्तियाज अंसारी ने बताया कि छह सितंबर को हुई बैठक में सर्वसम्मति से हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था. इसके बाद 11 सितंबर से क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है. मंगलवार को विद्यालय के समीप लगाए गए कैंप में शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने पहुंचकर हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया.
स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा जाएगा आवेदन
समाजसेवियों ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान समाप्त होने के बाद एक शिष्टमंडल स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मिलकर सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपेगा. शिष्टमंडल पीएचसी में स्थायी रूप से एमबीबीएस चिकित्सकों की पदस्थापना कराने की मांग रखेगा. इस मौके पर प्रधानाध्यापक मोहम्मद अफजल हुसैन, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, समाजसेवी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
