Nalanda UPSC Success : हिलसा अनुमंडल अंतर्गत नगरनौसा प्रखंड के अकैड़ गांव निवासी किसान उपेंद्र प्रसाद के पुत्र रवि रंजन वर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग की सहायक कमांडेंट (सीएपीएफ) परीक्षा में देशभर में 69वीं रैंक हासिल कर नालंदा का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई.
रवि रंजन की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और संघर्ष
रवि रंजन ने मैट्रिक की पढ़ाई रामराज हाईस्कूल, पांडेचक नूरसराय से की. इसके बाद मगध महाविद्यालय, चंडी से इंटर तथा मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की. बीटेक के बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी की.
उन्होंने बताया कि स्वअध्ययन के साथ जरूरत के अनुसार शिक्षण संस्थानों की मदद लेकर तैयारी की और लगातार मेहनत व अनुशासन को अपनी सफलता का आधार बनाया. किसान परिवार से आने वाले रवि रंजन ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखा.
Also Read : नालंदा : खाना नहीं मिलने पर 75 वर्षीय पति ने पत्नी की चाकू से हत्या की, थाने पहुंचकर बोला-मुझे फांसी दीजिए
मित्रों और सहपाठियों की प्रतिक्रिया
उनके करीबी मित्र एवं सहपाठी मनखुश ने बधाई देते हुए कहा कि रवि शुरू से ही अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहे हैं. लगातार मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है. उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है.
परिवार का परिचय और ग्रामीणों में उत्साह
रवि रंजन के पिता उपेंद्र प्रसाद किसान हैं. उनके दादा स्व. महावीर महतो थे. ग्रामीणों ने कहा कि किसान परिवार के बेटे ने देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. उनकी सफलता से अकैड़ गांव समेत हिलसा अनुमंडल के लोगों में खासा उत्साह है.
