जन सुराज संघर्ष वाहिनी के संगठन विस्तार को लेकर नालंदा में नयी जिम्मेदारी सौंपी गयी है. बिंद प्रखंड के ईश्वचक गांव निवासी प्रियरंजन सिंह को जन सुराज संघर्ष वाहिनी का नालंदा क्षेत्रीय प्रभारी मनोनीत किया गया है. उनके मनोनयन से समर्थकों एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है.
मनोज भारती ने सौंपा मनोनयन पत्र
मनोनयन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रियरंजन सिंह को औपचारिक रूप से मनोनयन पत्र प्रदान किया. इस दौरान जन सुराज संघर्ष वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अनुप मेथल, कोऑर्डिनेटर आदित्य मोहन, प्रदेश महासचिव अवधेश साहनी समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर
नवनियुक्त क्षेत्रीय प्रभारी प्रियरंजन सिंह ने संगठन की ओर से सौंपी गयी जिम्मेदारी के लिए नेतृत्व के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे.
उन्होंने कहा कि नालंदा क्षेत्र में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम किया जायेगा. साथ ही आम लोगों के बीच जन सुराज के विचारों और नीतियों को पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा.
क्षेत्र का दौरा कर कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
प्रियरंजन सिंह ने कहा कि संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए लगातार क्षेत्र का दौरा किया जायेगा. इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से संवाद स्थापित किया जायेगा. नये दायित्व के साथ उन्होंने संगठन को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही.
