Nalanda New SP Hriday Kant : बिहार सरकार के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हृदय कांत को नालंदा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है. वहीं, नालंदा के निवर्तमान एसपी भारत सोनी को सीवान की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सरकार के इस फैसले को दोनों जिलों की मौजूदा कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से जोड़कर देखा जा रहा है.
नए एसपी हृदय कांत का परिचय और पृष्ठभूमि
हृदय कांत मूल रूप से झारखंड के रहने वाले हैं. उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 201वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा में कदम रखा. अररिया और समस्तीपुर के एसपी तथा भागलपुर के एसएसपी के रूप में भी वे जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. फिलहाल वे पटना स्थित आतंकवाद निरोधी दस्ते में तैनात थे.
Also Read : बिहार के एक शिक्षक के चार बेटों ने रचा इतिहास, NEET क्वालीफाई कर बने डॉक्टर
नालंदा में नए एसपी के सामने प्रमुख चुनौतियां
कड़क कार्यशैली और त्वरित निर्णय के लिए उनकी पहचान रही है. नालंदा में उनके सामने साइबर अपराध पर अंकुश, बालू के अवैध कारोबार पर कार्रवाई, अपराधियों पर शिकंजा कसने और संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती होगी. पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी अहम होगा.
निवर्तमान एसपी भारत सोनी का कार्यकाल और घटनाएं
नालंदा में भारत सोनी का कार्यकाल कई बड़ी घटनाओं के कारण चुनौतीपूर्ण रहा. मघड़ा शीतला माता मंदिर हादसा, देवीसराय में बड़ी डकैती, राजगीर में मॉब लिंचिंग, हरनौत थाना परिसर में दारोगा की आत्महत्या और बालू माफियाओं से जुड़े पुलिस पर हमले जैसी घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की मुश्किलें बढ़ाईं.
Also Read : आरा में 5 हजार की भीड़ और लालू यादव का कार्यक्रम, घायल की मौत की अफवाह के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इसके बावजूद उनके कार्यकाल में कई बड़ी पुलिस कार्रवाइयां भी हुईं. देवीसराय डकैती मामले में एसआईटी गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी की गई. विशेष अभियान में बड़ी संख्या में फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया.
सीवान की जिम्मेदारी और नालंदा में बदलाव की उम्मीद
अब सरकार ने सीवान की चुनौतीपूर्ण स्थिति को संभालने के लिए भारत सोनी पर भरोसा जताया है. वहीं, नालंदा में हृदय कांत की तैनाती से पुलिसिंग में बदलाव की उम्मीद बढ़ी है.
