Nalanda Flag Hoisting Time : स्वतंत्रता दिवस को लेकर नालंदा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को जिला प्रशासन ने ध्वजारोहण को लेकर कार्यक्रम की समय-सारणी जारी कर दी. जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे.
मुख्य समारोह की तैयारियों का डीएम उदिता सिंह स्वयं नियमित रूप से जायजा ले रही हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रही हैं.
15 अगस्त को बिहारशरीफ के सोगरा उच्च विद्यालय मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां बिहार के उपमुख्यमंत्री सह नालंदा के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे.
जिला प्रशासन ने मुख्य समारोह के साथ जिले के प्रमुख सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण और शहीदों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम की समय-सारणी जारी कर दी है.
Also Read : डोभी में कंचन के पिता का आरोप - 50 हजार रुपये, मोबाइल फोन और सोने की चेन मांग रहे थे ससुराल वाले
नालंदा डीएम उदिता सिंह की ओर से जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार, समारोहों में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मी शामिल होंगे. स्वतंत्रता दिवस पर पूरे जिले में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और शहीदों के सम्मान का संदेश गूंजेगा.
सुबह 9 बजे सोगरा मैदान में मुख्य समारोह
जिला प्रशासन के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह सुबह 9 बजे सोगरा उच्च विद्यालय मैदान में होगा. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. इसके बाद समारोह में परेड, संबोधन और स्वतंत्रता दिवस से जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
उपमुख्यमंत्री के पास जल संसाधन एवं संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी भी है. जिला प्रशासन की ओर से मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
समाहरणालय से लेकर अनुमंडल कार्यालय तक ध्वजारोहण
मुख्य समारोह के बाद सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण का सिलसिला शुरू होगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:45 बजे नालंदा समाहरणालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा. इसके बाद 10 बजे जिला परिषद कार्यालय और 10:10 बजे जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) में ध्वजारोहण होगा. 10:15 बजे अनुमंडल कार्यालय, बिहारशरीफ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा.
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यक्रम में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.
नगर निगम और थाना परिसर में भी होगा ध्वजारोहण
समय-सारणी के अनुसार 10:25 बजे गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय में ध्वजारोहण होगा. इसके बाद 10:40 बजे बिहारशरीफ नगर निगम और 10:50 बजे बिहारशरीफ थाना परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा.
जिला प्रशासन ने सभी कार्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने और निर्धारित समय-सारणी का पालन सुनिश्चित करने को कहा है.
कारगिल पार्क में शहीदों को नमन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी जाएगी.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11:10 बजे कारगिल पार्क में शहीदों को श्रद्धांजलि और माल्यार्पण किया जाएगा. इसके बाद 11:25 बजे पुलिस लाइन, बिहारशरीफ में ध्वजारोहण होगा. इस दौरान शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति संकल्प दोहराया जाएगा.
महादलित टोला में भी फहरेगा तिरंगा
जिला प्रशासन की समय-सारणी में समाज के अंतिम पायदान तक स्वतंत्रता दिवस की भावना पहुंचाने के लिए 11:35 बजे महादलित टोला में ध्वजारोहण का कार्यक्रम भी रखा गया है. इसके जरिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया जाएगा.
प्रशासन के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस पर जिलेभर में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक समरसता की भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मुख्य समारोह में देश की उपलब्धियों और नालंदा के विकास को आगे बढ़ाने के संकल्प का संदेश भी दिया जाएगा.
जिला प्रशासन द्वारा जारी ध्वजारोहण की समय-सारणी
- सुबह 9:00 बजे: मुख्य समारोह स्थल, सोगरा उच्च विद्यालय मैदान
- सुबह 9:45 बजे: नालंदा समाहरणालय
- सुबह 10:00 बजे: जिला परिषद कार्यालय
- सुबह 10:10 बजे: जिला ग्रामीण विकास अभिकरण
- सुबह 10:15 बजे: अनुमंडल कार्यालय, बिहारशरीफ
- सुबह 10:25 बजे: गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय
- सुबह 10:40 बजे: बिहारशरीफ नगर निगम
- सुबह 10:50 बजे: बिहारशरीफ थाना परिसर
- सुबह 11:10 बजे: कारगिल पार्क में श्रद्धांजलि एवं माल्यार्पण
- सुबह 11:25 बजे: पुलिस लाइन, बिहारशरीफ
- सुबह 11:35 बजे: महादलित टोला
