नालंदा डीएम ने छात्राओं से की सीधी बात, कहा- अधिकारों के लिए आवाज उठाएं, हिंसा से रहें दूर

नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत सोगरा हाई स्कूल की छात्राओं से खास संवाद किया. उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया, हिंसक आंदोलनों से दूर रहने की सलाह दी और स्कूल में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने का निर्देश दिया.

'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत शनिवार को नालंदा की जिलाधिकारी (डीएम) उदिता सिंह के कार्यालय कक्ष में सोगरा हाई स्कूल की छात्राओं के लिए एक विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं का मार्गदर्शन करना, उनकी समस्याओं को गहराई से समझना तथा उन्हें नागरिक अधिकारों व प्रशासनिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना था.

कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित सभी छात्राओं ने अपना परिचय दिया और अपने सपनों को साझा किया. कई बालिकाओं ने डॉक्टर, शिक्षक और पुलिस अधिकारी बनकर देश व समाज की सेवा करने की इच्छा जताई. जिलाधिकारी ने उनकी महत्वाकांक्षाओं की सराहना करते हुए उन्हें पूरी लगन और निष्ठा के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.

अधिकारों के प्रति जागरूकता और आंदोलन पर महत्वपूर्ण सीख

संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने देश के प्रमुख आंदोलनों (जैसे निर्भया और अन्ना हजारे आंदोलन) का उल्लेख करते हुए छात्राओं के दृष्टिकोण को जाना. उन्होंने मार्गदर्शन करते हुए कहा कि अपने हक के लिए लोकतांत्रिक और निर्भीक तरीके से आवाज उठाना बेहतर है.

साथ ही, उन्होंने छात्राओं को आगाह किया कि यदि किसी प्रदर्शन या आंदोलन में हिंसा या उपद्रव की आशंका हो, तो उसमें भूलकर भी हिस्सा न लें, क्योंकि हिंसक गतिविधियों में शामिल होने से कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है, जिससे भविष्य और करियर में रुकावट आ सकती है.

सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित करने का निर्देश

संवाद के दौरान बालिकाओं ने विद्यालय में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया और इससे होने वाली व्यावहारिक परेशानियों से अवगत कराया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारियों को सोगरा हाई स्कूल में शीघ्रता से सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित कराने का कड़ा निर्देश दिया.

पुलिस कंट्रोल रूम और लोक शिकायत केंद्र का भ्रमण

संवाद कार्यक्रम के उपरांत छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम तथा लोक शिकायत निवारण केंद्र का एक्सपोजर विजिट कराया गया:

  • पुलिस कंट्रोल रूम: छात्राओं ने देखा कि हाई-टेक सीसीटीवी कैमरों से 24x7 मॉनिटरिंग कैसे होती है. साथ ही किसी आपात स्थिति में आपातकालीन 112 नेटवर्क द्वारा गश्ती वाहन को त्वरित लोकेशन ट्रेस कर मौके पर भेजने की तकनीक से अवगत कराया गया.
  • लोक शिकायत केंद्र: बालिकाओं को राशन, भूमि विवाद, पेंशन जैसी समस्याओं के निवारण हेतु सुगम शिकायत दर्ज प्रक्रिया और समयबद्ध निष्पादन की डिजिटल प्रणाली दिखाई गई.

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने इस प्रेरणादायक संवाद और ज्ञानवर्धक विजिट के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया, वहीं जिलाधिकारी ने सभी बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kumar

कंचन कुमार वर्ष 2009 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उत्तराखंड से शुरुआत करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पटना, नवादा और बिहारशरीफ में विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया. पिछले 12 वर्षों से प्रभात खबर बिहारशरीफ कार्यालय में नालंदा जिला रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. जिला प्रशासन, खोजी एवं विशेष रिपोर्ट, जमीनी पड़ताल, विकास, जनसरोकार के मुद्दों तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों के गहन विश्लेषण के लिए उनकी विशेष पहचान है.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >