नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र में एक युवक का देशी कट्टा लहराते और उससे फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है और वीडियो की सत्यता की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है.
'निरंजन माफिया' की फेसबुक आईडी से साझा किया गया वीडियो
वायरल वीडियो में एक युवक के हाथ में देशी कट्टा जैसी वस्तु दिखाई दे रही है, जिससे वह फायरिंग करता नजर आ रहा है. सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह युवक हिलसा थाना क्षेत्र के पुना गांव का है. यह वीडियो "निरंजन माफिया" नामक युवक की फेसबुक आईडी से साझा किया गया है. हालांकि, यह वीडियो पुरानी बताई जा रही है.
बढ़ता चलन और प्रशासन की नजर
इन दिनों क्षेत्र में पिस्टल, राइफल और देशी कट्टे के साथ फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का चलन बढ़ रहा है, जिससे पुलिस और कानून का भय कम होता दिख रहा है.
Also Read : खाना नहीं मिलने पर 75 वर्षीय पति ने पत्नी की चाकू से हत्या की, थाने पहुंचकर बोला-मुझे फांसी दीजिए
प्रभात खबर अखबार इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है. इस मामले में पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया था.
थानाध्यक्ष का बयान और पुलिस की कार्रवाई
शनिवार को थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.
