Bihar Weather Alert: बिहार में इन दिनों दो तरह का मौसम देखने के लिए मिल रहा है. कहीं झमाझम बारिश तो कहीं अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार किया जा रहा है. ऐसे में मौसम विभाग ने आज 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके साथ ही मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है.
इन जिलों में जारी किया गया येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, भागलपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका में अलर्ट जारी किया है. बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.
बिहार में मॉनसून कमजोर पड़ने की वजह
बिहार में मॉनसून एक्टिव होने के बावजूद यह कमजोर बना हुआ है. मौसम वैज्ञानिकों की माने तो, मॉनसून की मुख्य ट्रफ लाइन बिहार के ऊपर नहीं बनी हुई है, इस वजह से बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन पा रही हैं. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में फिलहाल मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम भी डेवलप नहीं को पाया है, जिसकी वजह से भारी बारिश नहीं हो पा रही है. तेज धूप और नमी की वजह से कहीं-कहीं बादल बन रहे, जिससे कहीं हल्की और मध्यम स्तर की तो कहीं तेज बारिश हो पा रही है.
अगले कुछ दिनों तक मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग की माने तो, अगले एक सप्ताह तक मौसम में कुछ खास बदलाव देखने के लिए नहीं मिल सकेगा. रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जिलों में जारी रहेगा. लेकिन मौसम विभाग की तरफ से 18, 19 और 20 जुलाई को डबल अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछ जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. जबकि बाकी के जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है.
पटना में मौसम का हाल
पटना में मौसम की बात करें तो, उमस वाली गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है. कड़ी धूप की वजह से दोपहर के वक्त घर से निकलना मुश्किल हो रहा. ऐसे में आज सुबह-सुबह भी धूप खिली रही. लेकिन संभावना है कि मौसम में बदलाव हो सकता है. काले बादल छा सकते हैं और छिटपुट बारिश हो सकती है. लेकिन इस दौरान लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत नहीं मिल सकेगी.
