Saptkranti Express: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं. बेतिया जिले के नरकटियागंज रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है. दिल्ली से आनंद विहार से चलकर बिहार आने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस सुपरफास्ट ट्रेन (गाड़ी संख्या 12558) से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की गई है. चौंकाने वाली बात यह है कि यह शराब किसी लावारिस बैग से नहीं, बल्कि ट्रेन की पेंट्रीकार (रसोई) के अंदर छिपाकर रखी गई थी.
गुप्त सूचना पर आरपीएफ ने नरकटियागंज स्टेशन पर मारा छापा
रेल पुलिस को काफी समय से इनपुट्स मिल रहे थे कि ट्रेनों के जरिए शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है. जब आरपीएफ को पुख्ता जानकारी मिली कि सप्तक्रांति एक्सप्रेस में अवैध शराब आ रही है, तो टीम ने नरकटियागंज स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही विशेष घेराबंदी कर दी.
जवानों ने जब पेंट्रीकार के अंदर दाखिल होकर तलाशी ली, तो वहां छुपाकर रखी गई विदेशी शराब की बोतलें देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. पुलिस ने मौके से कुल 62 बोतल महंगी विदेशी शराब बरामद की है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
मैनेजर ऑन-ड्यूटी गिरफ्तार
इस हाई-प्रोफाइल तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए आरपीएफ ने पेंट्रीकार के मैनेजर को ऑन-ड्यूटी रंगे हाथों दबोच लिया है. शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि शराब की यह खेप देश की राजधानी दिल्ली से ट्रेन में लोड की गई थी. इसे बिहार के अलग-अलग स्टेशनों पर ऊंचे दामों में बेचने के लिए डिलीवर किया जाना था.
इस वीवीआईपी ट्रेन की रसोई से शराब मिलने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है. आरपीएफ ने आगे की कार्रवाई के लिए गिरफ्तार मैनेजर और जब्त शराब को राजकीय रेल पुलिस (GRP) को सौंप दिया है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस पूरे सिंडिकेट में रेलवे या पेंट्री स्टाफ के और कितने लोग शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें: बिहार के इन दो जिलों के बीच का सफर होगा आसान, 82 करोड़ होंगे खर्च, बनेगा नया बाईपास
