Bihar Ka Mausam: बिहार में सुबह की धूप का इंतजार कर रहे लोगों को शुक्रवार को मायूसी हाथ लगी. आसमान पर अचानक घने कोहरे की चादर तान गई और सर्द पछुआ हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया.
पछुआ हवा के कारण बढ़ी कनकनी से दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. मौसम में हुए अचानक बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग में अलर्ट जारी किया है.
अचानक बदला मौसम का मिजाज
शुक्रवार की सुबह लोगों को उम्मीद थी कि दिन चढ़ते-चढ़ते धूप निकलेगी, लेकिन कुछ ही घंटों में कोहरा इतना घना हो गया कि धूप पूरी तरह ओझल हो गई. ठंडी पछुआ हवाओं के चलते दिनभर ठिठुरन बनी रही.
राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप बेहद कमजोर रही, जिससे अधिकतम तापमान में 3–4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई.
IMD के अनुसार आज सुबह पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में घना कोहरा छाया रहेगा. इन जिलों में 50 से 200 मीटर तक ही विजिबिलिटी रहने की आशंका है, जिस कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
क्यों छाया है घना कोहरा?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में हवा की रफ्तार बेहद कम है, जिससे वातावरण में नमी लंबे समय तक बनी हुई है. रात के समय तापमान तेजी से गिरने के कारण रेडिएशन फॉग बन रहा है. ठंडी रातें, नमी और शांत वातावरण मिलकर कोहरे को और घना बना रहे हैं, खासकर उत्तर और उत्तर-मध्य बिहार में इसका असर ज्यादा दिख रहा है.
तापमान का ताजा हाल और आगे का पूर्वानुमान
शुक्रवार को अधिकतम तापमान फारबिसगंज में 25.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि वाल्मिकीनगर में यह 18 डिग्री तक गिर गया. रात का सबसे कम तापमान 10 डिग्री सबौर में और सबसे अधिक 15.9 डिग्री कटिहार में रहा.
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
पटना का मौसम- हल्का कोहरा, दिन में राहत
राजधानी पटना में घने कोहरे का अलर्ट नहीं है, लेकिन सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 22–24 डिग्री और न्यूनतम 10–12 डिग्री के आसपास रह सकता है.
