Bihar Free Coaching: बिहार में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने राज्य के 155 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल प्लस-टू स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए JEE और NEET की निशुल्क कोचिंग शुरू कर दी है.
इसके साथ ही राज्य के 700 मॉडल स्कूलों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को एक नए इंटरैक्टिव लर्निंग ऐप से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. इस ऐप के जरिए छात्रों को 24 घंटे लाइव शिक्षकों की सुविधा मिलेगी. सबसे खास बात यह है कि कोचिंग और ऐप दोनों की सुविधा छात्रों को निशुल्क मिलेगी.
155 स्कूलों में शुरू हुई JEE-NEET की तैयारी
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने मंगलवार को सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों के कार्यालयों में प्रतिनियुक्त उप सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की. इस दौरान उन्होंने JEE और NEET की निशुल्क तैयारी को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.
राज्य के 155 मॉडल स्कूलों में से पटना के 10 चिह्नित स्कूलों में 16 जुलाई से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू की गई हैं. इन स्कूलों में छात्रों को विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है. वहीं, बाकी 145 मॉडल स्कूलों में ऑनलाइन कोचिंग शुरू कर दी गई है.
वीडियो से होगी पढ़ाई, स्मार्ट बोर्ड पर दिखेंगे लेक्चर
145 स्कूलों में JEE और NEET के सिलेबस के अनुसार विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए विषयवार वीडियो छात्रों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
इन वीडियो के जरिए छात्रों की पढ़ाई टीवी और स्मार्ट बोर्ड पर कराई जा रही है. इससे उन छात्रों को भी बेहतर तैयारी का मौका मिलेगा, जो महंगी निजी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकते.
बिहार बोर्ड मुख्यालय में आधुनिक स्टूडियो भी तैयार किया जा रहा है. इसके जरिए आने वाले समय में इन 145 स्कूलों में लाइव क्लास शुरू करने की योजना है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पहले से 21 केंद्रों पर चल रही फिजिकल क्लास
JEE और NEET की तैयारी के लिए राज्य में पहले से 21 कोचिंग केंद्रों पर फिजिकल क्लास संचालित हो रही है. इसके अलावा पटना के पटना कॉलेजिएट स्कूल, दरियापुर और बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोलघर में शैक्षणिक आवासीय शिक्षण कार्यक्रम भी चल रहा है.
वहीं राज्य के नौ प्रमंडलीय जिला मुख्यालयों में भी निशुल्क शिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है. इनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, छपरा, पूर्णिया, सहरसा, मुंगेर और भागलपुर शामिल हैं. यह गैर-आवासीय निशुल्क शिक्षण कार्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2024-26 से चल रहा है.
700 मॉडल स्कूलों के छात्रों को मिलेगा 'विद्या साथी' ऐप
JEE-NEET की कोचिंग के साथ बिहार बोर्ड ने कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए भी नई सुविधा शुरू की है. राज्य के 700 मॉडल स्कूलों के छात्रों को इंटरैक्टिव लर्निंग ऐप से जोड़ा जाएगा. बिहार बोर्ड ने इस ऐप का नाम 'विद्या साथी' रखा है.
बोर्ड ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को छात्रों को ऐप से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है. इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारियों को संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक करने को कहा गया है.
24 घंटे लाइव शिक्षक, जब चाहें पूछ सकेंगे सवाल
'विद्या साथी' ऐप की सबसे खास सुविधा 24 घंटे लाइव शिक्षक की होगी. अगर किसी छात्र को किसी विषय का कॉन्सेप्ट समझने में परेशानी है या पढ़ाई से जुड़ा कोई डाउट है, तो वह लाइव शिक्षक से सवाल पूछ सकेगा. छात्रों को अलग-अलग विषयों का PDF मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा. इससे उन्हें पढ़ाई के दौरान नोट्स तैयार करने में मदद मिलेगी.
सवाल पूछेंगे छात्र, वीडियो में दिखेंगे शिक्षक
इंटरैक्टिव लर्निंग ऐप में छात्रों के सवाल पूछने का तरीका भी खास होगा. जब कोई छात्र सवाल पूछेगा तो उसे जवाब देने वाले शिक्षक वीडियो में दिखाई देंगे. हालांकि, शिक्षक छात्र को वीडियो में नहीं देख सकेंगे.
यानी छात्र अपनी समस्या सीधे शिक्षक तक पहुंचा सकेंगे और लाइव माध्यम से उसका समाधान पा सकेंगे.
सरकारी स्कूलों के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में मिलेगी मदद
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि 155 मॉडल स्कूलों में JEE और NEET की निशुल्क कोचिंग और 700 मॉडल स्कूलों में इंटरैक्टिव लर्निंग ऐप की सुविधा से छात्रों को काफी मदद मिलेगी.
इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है.
JEE और NEET जैसी परीक्षाओं के लिए महंगी कोचिंग पर निर्भरता कम करने और छात्रों को घर या स्कूल से ही विशेषज्ञ शिक्षकों की मदद देने की दिशा में यह पहल अहम मानी जा रही है.
