Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर के बिलौटी गांव में भरत तिवारी के एनकाउंटर मामले में जांच प्रक्रिया तेज है. लेकिन इस बीच भरत के भाई चंदन तिवारी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है. चंदन तिवारी ने पुलिस पर केस वापस लेने का दबाव बनाने और धमकाने का आरोप लगाया. एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान चंदन तिवारी ने कई चौंकाने वाली बातें कहीं.
मामले में सीबीआई जांच की मांग
चंदन तिवारी के बयान से साफ है कि पीड़ित परिजनों का गुस्सा अब तक चढ़ा हुआ है. भरत के भाई के मुताबिक, उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है. जिन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए गए थे, उनके खिलाफ अब तक कड़ा एक्शन नहीं लिया गया है. भरत के परिजन लगातार मामले में दोषी पुलिसकर्मियों को फांसी और सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे हैं.
भोजपुर एसपी पर भाई ने लगाया ये आरोप
चंदन तिवारी ने भोजपुर एसपी पर धमकाने का आरोप लगाया. साथ ही केस वापस लेने के लिए दबाव भी बनाया गया. चंदन तिवारी ने कहा, एसपी पूरी टीम के साथ मेरे घर आए थे. उस वक्त घर में मैं, मेरी पत्नी और माता-पिता थे. इस मामले में शाहपुर थाना के एसएचओ, जगदीशपुर के एसडीपीओ के अलावा अन्य पुलिसकर्मियों पर आरोप लगे हैं. लेकिन अब तक इनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है. ऐसा क्यों?
न्यायिक जांच को लेकर भी दिया बयान
भरत तिवारी के एनकाउंटर मामले में न्यायिक जांच हो रही है. रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसे लेकर चंदन तिवारी का कहना है कि जांच रिटायर्ड नहीं बल्कि पटना हाईकोर्ट के वर्तमान जज से करानी चाहिए. साथ ही इस जांच पर भरोसा नहीं होने की बात उन्होंने कही. परिजनों का साफ कहना है कि सीबीआई से जांच कराने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी और दोषियों पर कार्रवाई हो सकेगी.
Also Read: कहां है आपका कोच? अब ट्रेन के आने से आधे घंटे पहले मिलेगी जानकारी, इन स्टेशनों पर होगी सुविधा
