तिलकपुर हाई स्कूल में प्रवेश सह प्रथम सोपान शिविर का हुआ समापन
Scout Guide Camp Closing Ceremony: भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित उच्च विद्यालय तिलकपुर में आयोजित प्रवेश सह प्रथम सोपान शिविर का दीक्षांत एवं समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. पांच दिनों तक चले इस शिविर में बच्चों को स्काउट-गाइड की गतिविधियों, अनुशासन और सेवा भावना का प्रशिक्षण दिया गया.
भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट
Bhagalpur News : भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड स्थित उच्च विद्यालय तिलकपुर में मंगलवार को प्रवेश सह प्रथम सोपान शिविर का दीक्षांत सह समापन समारोह आयोजित किया गया. यह शिविर 22 मई से 26 मई तक संचालित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.
स्काउट-गाइड प्रतिज्ञा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक सह दानदाता सदस्य बाल गोविंद सिंह ने की. कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट-गाइड प्रतिज्ञा के साथ हुई.इसके बाद शिविर में शामिल प्रतिभागियों को स्कार्फ, वोगल और सदस्यता बैज पहनाकर विधिवत दीक्षित किया गया. पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली.
अनुशासन और सेवा भाव का दिया गया संदेश
समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार सिंह, भारत स्काउट एवं गाइड भागलपुर के जिला सचिव प्रवीण कुमार झा सहित कई शिक्षकों और पदाधिकारियों ने भाग लिया.वक्ताओं ने बच्चों को अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड बच्चों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है.
शिविर में प्रशिक्षकों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम में जिला संगठन आयुक्त स्काउट विपिन कुमार सिंह, सहायक जिला सचिव अमरनाथ सिंह, खेल शिक्षक चंद्रभूषण कुमार, शिक्षक राज भारती, राजकिशोर झा और अन्य शिक्षक मौजूद रहे.वहीं शिविर के प्रशिक्षक आकृष राज, छोटू कुमार, रेंजर सिमरन और निशा कुमारी ने प्रशिक्षण गतिविधियों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
बच्चों में दिखा उत्साह
समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों ने स्काउट-गाइड गतिविधियों से जुड़े अनुभव साझा किए. बच्चों ने कहा कि शिविर से उन्हें अनुशासन, टीमवर्क और सेवा भावना की सीख मिली है.कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं.