Bhagalpur news स्टेशन रोड का उप डाकघर का बड़ी पोस्ट ऑफिस में विलय

सुलतानगंज शहर के स्टेशन रोड स्थित उप डाकघर का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है.

सुलतानगंज शहर के स्टेशन रोड स्थित उप डाकघर का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है. डाक विभाग ने इसे सुलतानगंज अपर रोड स्थित बड़ी पोस्ट ऑफिस (उप डाकघर) में विलय करने का फैसला लिया है. विभागीय आदेश पर मंगलवार से स्टेशन रोड उप डाकघर में सभी कार्य बंद कर परिसर में विलय से संबंधित नोटिस चिपका दी गयी है. स्टेशन रोड उप डाकघर के पोस्टमास्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से यहां ऑनलाइन जमा–निकासी समेत सभी कार्य बंद कर दिये गये हैं. पूरा कार्यालय अब अपर रोड स्थित बड़ी पोस्ट ऑफिस में शिफ्ट किया जायेगा. यहां मौजूद सभी संसाधन और कर्मी वहीं स्थानांतरित रहेंगे. यह कार्रवाई विभागीय निर्देश के तहत की गयी है. स्टेशन रोड उप डाकघर में मात्र एक पोस्टमास्टर और एक चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी कार्यरत थे. सिंगल कर्मी व्यवस्था से उप डाकघर का सुचारु संचालन संभव नहीं हो पा रहा था. कार्यालय अधीक्षक, डाकघर भागलपुर प्रमंडल ने स्टेशन रोड उप डाकघर को सुलतानगंज उप डाकघर (अपर रोड) में मर्ज करने का आदेश जारी किया.

1949 से जुड़ा है डाकघर का इतिहास

एजेंट अशोक कुमार चौधरी, विजय ठाकुर और रोशन जैन ने बताया कि वर्ष 1949 में इसकी शुरुआत मिथिलेश सिंह के घर के समीप हुई थी. पिछले करीब 30 वर्षों से यह स्टेशन रोड में संचालित था. यहां दो हजार से अधिक ग्राहकों के बचत खाते और आरडी खाते हैं. ग्राहकों ने बताया कि उप डाकघर के विलय की पूर्व सूचना न तो एजेंटों को दी गयी और न ही खाताधारकों को. लोगों ने इस निर्णय पर रोक लगाने व स्टेशन रोड उप डाकघर को पुनः चालू रखने की मांग की है, ताकि ग्राहकों को सुविधा मिलती रहे.

बड़ी पोस्ट ऑफिस में मिलेगी सभी सेवाएं

उप डाकघर के पोस्टमास्टर ने बताया कि स्टेशन रोड उप डाकघर के सभी खातों को अपर रोड स्थित बड़ी पोस्ट ऑफिस में स्थानांतरित कर दिया गया है. ग्राहकों को वहीं सभी डाक एवं बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करायी जायेंगी और किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जायेगी.

विलय की सूचना नोटिस के जरिए दी गयी

स्टेशन रोड उप डाकघर परिसर में चिपकाये गये नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि उप डाकघर स्टेशन रोड का विलय सुलतानगंज उप डाकघर में कर दिया गया है. अब सभी ग्राहक अपने सभी कार्य सुलतानगंज उप डाकघर से ही संपादित करेंगे. त्वरित कार्रवाई को लेकर विभाग की ओर से पत्र जारी कर दिया गया है.

कहते हैं डाक अधीक्षक

स्टेशन रोड उप डाकघर को सुलतानगंज उप डाकघर में मर्ज किया गया है.दोनों स्थानों की दूरी अधिक नहीं है. मर्ज की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. सभी खाते वहीं शिफ्ट होंगे, न जनता को नुकसान होगा और न ही कर्मचारियों को.

संजीत कुमार भगत, डाक अधीक्षक भागलपुर.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >