TMBU Exam Controversy: भागलपुर. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) की पीजी सेमेस्टर-2 परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक एवं उत्तरपुस्तिका बदलने के मामले को लेकर गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा. परिषद ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.
परीक्षा नियंत्रक और कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक और कुलसचिव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. संगठन ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की.
विद्यार्थियों के विश्वास पर उठे सवाल
प्रांत सह संयोजक अमन राय और जिला संयोजक पीयूष भारतीय ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक और मूल्यांकन संबंधी कथित अनियमितताओं जैसी घटनाएं विद्यार्थियों के विश्वास को कमजोर करती हैं. उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होगी.
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
परिषद ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषी व्यक्तियों की शीघ्र पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाये.
आंदोलन की दी चेतावनी
TMBU Exam Controversy: एबीवीपी ने स्पष्ट किया कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है तो छात्र हितों की रक्षा के लिए परिषद चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी. संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी.
