West Champaran News: नेपाल में जारी उपद्रव और अशांति को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. गुरुवार को अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित अपराध गोष्ठी में एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने सीमावर्ती थानों को संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने, नियमित गश्ती बढ़ाने तथा सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने का निर्देश दिया.
Narkatiaganj News: सीमा क्षेत्र में चेकिंग और फ्रिस्किंग होगी तेज
एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने सीमावर्ती थानों को नियमित चेकिंग और फ्रिस्किंग अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाए तथा हर संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
एसएसबी के साथ संयुक्त गश्ती बढ़ाने का निर्देश
बैठक में एसएसबी के साथ संयुक्त गश्ती अभियान तेज करने पर जोर दिया गया. सीमावर्ती गांवों, बाजारों और प्रमुख सड़कों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.
शराब तस्करों और फरार आरोपितों पर रहेगी नजर
एसडीपीओ ने शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने जमानत पर बाहर आए शराब तस्करों और अन्य आपराधिक मामलों के आरोपितों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाने को कहा.
लंबित कांडों के निष्पादन और पीड़ितों के सम्मानजनक व्यवहार पर जोर
बैठक में लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, प्रभावी गश्ती व्यवस्था तथा थानों में शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश भी दिया गया. एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों का विश्वास कायम रखना है.
यह भी पढ़ें: योगापट्टी में बाढ़ से सड़क डूबी, ग्रामीणों ने चंदा और श्रमदान से बनाया चचरी पुल
