मिड डे मील पर शिक्षा विभाग सख्त, खराब भोजन पर होगी कार्रवाई, स्कूलों को जारी हुए नए निर्देश

बिहार के बेतिया में मध्यान भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर शिक्षा विभाग सख्त। डीपीओ ने खाद्य सामग्री की जांच और सुरक्षित भंडारण के दिए कड़े निर्देश।

Mid Day Meal Bettiah: बेतिया में पीएम पोषण योजना (मिड डे मील) के संचालन को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. सभी सरकारी विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों और अनुदानित मदरसों को निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया गया है.

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण) कुमकुम पाठक ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित एमडीएम संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

भोजन बनाने से पहले गुणवत्ता जांच होगी अनिवार्य

डीपीओ ने निर्देश दिया है कि भोजन तैयार करने से पहले चावल, दाल, तेल, मसाले, सोयाबीन, चना और सब्जियों समेत सभी खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच अनिवार्य रूप से की जाए.

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में एक्सपायरी अवधि वाली खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं किया जाएगा. साथ ही खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने को भी कहा गया है, ताकि नमी या अन्य कारणों से सामग्री खराब न हो.

साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष जोर

शिक्षा विभाग ने रसोईघर, भंडार गृह, पेयजल स्रोत और शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

इसके अलावा कचरे के सुरक्षित और वैज्ञानिक निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है. भोजन परोसने से पहले बच्चों के हाथ साबुन से धुलवाने और थाली, गिलास व अन्य बर्तनों को अच्छी तरह साफ करने के बाद ही उपयोग करने का निर्देश दिया गया है.

बरसात में सब्जियों को लेकर भी जारी हुई सलाह

बरसात के मौसम को देखते हुए विभाग ने बैंगन, भिंडी, पालक और पत्तागोभी जैसी सब्जियों के स्थान पर ताजी और सुरक्षित स्थानीय हरी सब्जियों का उपयोग करने की सलाह दी है.

साथ ही भोजन परोसने से पहले रसोइया, प्रधानाध्यापक या शिक्षक द्वारा भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी अनिवार्य किया गया है.

डीपीओ ने दी सख्त चेतावनी

डीपीओ कुमकुम पाठक ने कहा कि विभाग द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर गर्म और गुणवत्तापूर्ण भोजन बच्चों को उपलब्ध कराया जाए.

उन्होंने दोहराया कि दूषित, कीड़े-मकोड़ों या अन्य अवांछनीय पदार्थों से युक्त भोजन किसी भी स्थिति में बच्चों को नहीं परोसा जाएगा. यदि मिड डे मील के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि 'रंक'

90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >