नरकटियागंज, हरनाटांड़ में खेल सुविधाओं का विस्तार, अनुमंडलीय अस्पताल की व्यवस्था करें सुदृढ़: डॉ संजय

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में सांसद सह अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई.

बेतिया. जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में सांसद सह अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक की शुरुआत उप विकास आयुक्त द्वारा पूर्ववर्ती बैठक की कार्यवाही एवं अनुपालन प्रतिवेदन की प्रस्तुति से हुई. सांसद डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत संचालित प्रशिक्षण केंद्रों को शीघ्र सक्रिय करने का निर्देश दिया. नगर निकाय क्षेत्रों में पीएचईडी द्वारा संचालित जलापूर्ति योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने तथा ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा. चनपटिया नगर पंचायत क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए. वहीं जिला खनन पदाधिकारी को स्पष्ट रूप से कहा गया कि बैरिया प्रखंड के पखनाहा स्थित पीडी रिंग बांध के समीप किसी भी प्रकार का अवैध खनन न हो. इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं छापेमारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बीएसएनएल को ऑप्टिकल फाइबर बिछाने की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया. खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने हेतु नरकटियागंज एवं हरनाटांड़ में फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए एक्सीलेंस सेंटर निर्माण के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. साथ ही बगहा में केंद्रीय विद्यालय स्थापना की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया. स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज का निरीक्षण कर सभी चिकित्सीय एवं आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया. ग्रामीण कार्य प्रमंडल को सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने को कहा गया. साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना एवं कुसुम योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया गया. बैठक में विधायक राम सिंह, संजय पाण्डेय, नंदकिशोर राम, विधान पार्षद सौरभ कुमार, आफाक अहमद एवं भीष्म सहनी सहित उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, कुमार रविन्द्र, निदेशक डीआरडीए अरूण प्रकाश तथा अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे. बैठक में स्वास्थ्य, सड़क, आवास, रोजगार, शिक्षा, कृषि, स्वच्छता, ऊर्जा, महिला-बाल कल्याण, खेल सहित केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई. ———————— वाल्मीकिनगर सांसद ने उठाये कई मामले वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने नये स्थलों पर केन्द्रीय विद्यालय संचालन, लौरिया के तमकुही नाला के पक्कीकरण, लौरिया-नरकटियागंज डायवर्सन को मोटरेबल बनाने, अशोक स्तंभ के सामने शौचालय की मरम्मति, बगहा-बेलवनिया पुल, मदनपुर-पनियहवा सड़क निर्माण, नरकटियागंज अस्पताल में व्यवस्था सुधार, रेफरल अस्पताल सेमरा में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति तथा धमौरा स्थित सोलर प्लांट को पुनः सुचारू करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन के समक्ष रखा. अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझावों को बैठक में रखा गया. ——————- सभी निर्देशों का गंभीरता से होगा अनुपालन: डीएम डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि जिले में संचालित सभी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा बैठक में दिये गये सभी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन कराया जाएगा तथा संबंधित विभागों को स्पष्ट कार्ययोजना के साथ शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. डीएम ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है. उन्होंने आश्वस्त किया कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आवास, स्वच्छता एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन सही तरीके से कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी. जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी सुझावों एवं समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान में लेकर शीघ्र निष्पादन किया जाएगा, ताकि जिले का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >