अवैध लॉटरी के साथ एक और कारोबारी गिरफ्तार, 1348 प्रतिबंधित टिकट जब्त

नगर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित लॉटरी के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की शाम स्टेशन चौक पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और लॉटरी धंधेबाज को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.

बेतिया. नगर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित लॉटरी के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की शाम स्टेशन चौक पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और लॉटरी धंधेबाज को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से नागालैंड स्टेट डीयर कंपनी और सिक्किम स्टेट डीयर कंपनी की कुल 1348 प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद की है. गिरफ्तारी के समय आरोपी शराब के नशे में था. पुलिस ने अवैध कारोबार में प्रयुक्त उसकी बाइक भी जब्त कर ली है. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम स्टेशन चौक पर नियमित गश्त व वाहन जांच अभियान में लगी थी. इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर घबराया हुआ नजर आया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा. संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद हुई. आरोपी की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मंशा टोला निवासी अनवर खान के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के व्यवहार से उसके नशे में होने की आशंका हुई. जांच कराने पर शराब पीने की पुष्टि हुई. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से शहर और आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर लोगों को प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बेचता था. इसके बाद पुलिस ने लॉटरी टिकट, बाइक को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. बता दें कि इससे पहले बीते मंगलवार की दोपहर नगर थाना पुलिस ने इलम राम चौक स्थित गोविंद फार्मा सर्जिकल नामक दवा दुकान में छापेमारी कर सिक्किम स्टेट डीयर कंपनी और नागालैंड स्टेट डीयर कंपनी की कुल 4820 प्रतिबंधित लॉटरी टिकट बरामद की थी. इस मामले में दवा व्यवसायी कन्हैया कुमार और उसके भाई जितेन्द्र राज उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने उनके पास से 24 हजार 60 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और पांच डुप्लीकेट नोटबुक भी जब्त की थीं। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि दोनों भाई करीब पांच माह से प्रतिबंधित लॉटरी के अवैध कारोबार में संलिप्त थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >