West Champaran News: मच्छरगांवा नगर पंचायत की मुख्य सड़क पिछले एक महीने से अधिक समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रही है. सड़क पर एक से दो फीट तक पानी जमा होने से वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है. पानी सड़ने के कारण दुर्गंध फैलने लगी है, जिससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडराने लगा है.
Machchhargawa News: स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी
नगर पंचायत मुख्यालय के पास स्थित करीब आधा दर्जन सरकारी और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने में छात्र-छात्राओं को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. सड़क पर जमा पानी के कारण बच्चों और अभिभावकों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है.
दुकानदारों का कारोबार हुआ प्रभावित
मच्छरगांवा बड़ा बाजार से करीब ढाई सौ मीटर की दूरी पर बने जलजमाव के कारण सड़क किनारे स्थित लगभग दो दर्जन दुकानों का कारोबार प्रभावित हो गया है. दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक बदबू और पानी के कारण दुकान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे बिक्री लगातार घट रही है.
नगर पंचायत ने बताई देरी की वजह
नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रीना कुमारी ने बताया कि तीन बार निविदा जारी होने के बाद बुडको की ओर से नाला निर्माण का कार्यादेश जारी किया गया है. हालांकि लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने बताया कि जलजमाव समाप्त करने के लिए पास के तालाब में पंपिंग सेट से पानी निकासी का प्रयास किया गया था, लेकिन तालाब को निजी बताते हुए कुछ लोगों ने विरोध कर दिया. अब इस संबंध में योगापट्टी अंचल कार्यालय से रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट मिलने के बाद जलनिकासी की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, गन्ने के खेत से शव बरामद, पति गिरफ्तार
