West Champaran News: वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र की ऊपरी शिविर कॉलोनी में गुरुवार की अहले सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. तेज आवाज के साथ एक विशाल सखुआ का पेड़ जड़ समेत उखड़कर दो आवासों पर गिर पड़ा. हादसे में दोनों मकानों को भारी क्षति पहुंची, लेकिन घर के अंदर मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बच गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Valmikinagar News: दो मकानों को पहुंचा भारी नुकसान
जानकारी के अनुसार ऊपरी शिविर कॉलोनी निवासी नंदलाल पटेल एवं अरुण पटेल के आवास पर विशाल सखुआ का पेड़ गिर गया. पेड़ गिरने से दोनों मकानों का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि समय रहते परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
तेज धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी. लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि विशाल सखुआ का पेड़ दोनों आवासों पर गिरा पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.
स्थानीय लोग राहत कार्य में जुटे
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों की सहायता शुरू कर दी. ग्रामीणों की मदद से पेड़ को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि क्षतिग्रस्त मकानों से मलबा हटाकर स्थिति सामान्य की जा सके.
बड़ा हादसा टलने से लोगों ने ली राहत की सांस
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल पाते तो बड़ा हादसा हो सकता था. लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: योगापट्टी में बाढ़ से सड़क डूबी, ग्रामीणों ने चंदा और श्रमदान से बनाया चचरी पुल
