बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट
Bihar Police Exam 2026: बिहार पुलिस की विशेष शाखा में सिपाही के 83 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर बेतिया प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) विकास कुमार ने दंड प्रक्रिया संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत 24 जून 2026 को परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है. प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना है.
11 परीक्षा केंद्रों के 500 गज दायरे में लागू रहेगा आदेश
प्रशासन के अनुसार विपिन हाई स्कूल, एमजेके कॉलेज, आरएलएसवाई कॉलेज, अपग्रेडेड हाई स्कूल शेखौना, नेशनल पब्लिक स्कूल, आलोक भारती शिक्षण संस्थान, आमना उर्दू हाई स्कूल, सेक्रेड हार्ट हाई स्कूल, एसएस गर्ल्स स्कूल, महंथ रामरूप गोस्वामी कॉलेज और आदर्श विपिन मिडिल स्कूल समेत कुल 11 परीक्षा केंद्रों के 500 गज दायरे में निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी.
भीड़ जुटाने और हथियारों पर रहेगा प्रतिबंध
जारी आदेश के तहत परीक्षा अवधि में अधिकृत पदाधिकारियों और कर्मियों को छोड़कर अन्य व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा. पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, हथियार एवं अग्नेयास्त्र लेकर चलने, विस्फोटक पदार्थों के उपयोग, नारेबाजी और शोर-शराबा करने पर रोक रहेगी.
फोटो कॉपी दुकानें रहेंगी बंद
परीक्षा में कदाचार रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी की दुकानों को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों से आदेश का पालन करने की अपील की है.
आम जनजीवन प्रभावित नहीं होगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शादी-विवाह, शवयात्रा, आकस्मिक चिकित्सा सेवा तथा सक्षम पदाधिकारी की अनुमति प्राप्त वाहनों को इस आदेश से छूट रहेगी. साथ ही सामान्य आवागमन को अनावश्यक रूप से बाधित नहीं किया जाएगा.
अभ्यर्थियों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से परीक्षा अवधि के दौरान जारी निर्देशों का पालन करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.
